5 Dariya News

एम्स की मांग को लेकर जम्मू लगातार दूसरे दिन बंद

5 Dariya News (Rouf Pampori)

जम्मू 01-Aug-2015

जम्मू क्षेत्र में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की स्थापना की मांग को लेकर आहूत तीन-दिवसीय बंद के दूसरे दिन पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें हुईं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि समन्वय समिति के कार्यकर्ताओं की जेवाल चौक और परेड इलाके में झड़पें हुईं।अधिकारी ने कहा, "पुलिस ने जेवाल चौक और परेड इलाके में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज भी किया, जो इन इलाकों में यातायात रोक रहे थे।"बंद के कारण दुकानें और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान, शिक्षण संस्थान और सार्वजनिक परिवहन जम्मू शहर में बंद हैं।शहर में सार्वजनिक परिवहनों की अनुपलब्धता के बावजूद सरकारी दफ्तर, बैंक और डाकखानों में हालांकि, सामान्य रूप से कामकाज जारी है। शहर के बाहरी हिस्से में सार्वजनिक परिवहन संचालित हैं, जबकि सड़कों से तिपहिया वाहन भी गायब रहे।

स्थानीय व्यापारियों, उद्योगपतियों, वकीलों और सिविल सोशायटी के सदस्यों से बनी समन्वय समिति तथा जम्मू बार काउंसिल के अध्यक्ष अभिनव शर्मा ने एम्स की मांग को लेकर सरकार पर दबाव बनाने के लिए तीन दिवसीय बंद का आह्वान कर रखा है। सरकार और समन्वय समिति के बीच उस वक्त तकरार देखी गई जब सरकार ने गुरुवार को कहा कि राज्य में 'एम्स जैसी संस्था' स्थापित की जाएगी।अभिनव शर्मा का कहना है कि यह उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह के तरफ से किया गया छल लगता है, जिन्होंने खुद 20 जुलाई से पूर्व क्षेत्र में एम्स की स्थापना की घोषणा करने का वादा किया था।समन्वय समिति के उच्च पदस्थ सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि गतिरोध समाप्त करने के लिए शाम में सरकार और समन्वय समिति के बीच बैठक हो सकती है।