5 Dariya News

जे.पी.नड्डा ने एम्स में की स्वच्छ व हरित अभियान की शरुआत

5 Dariya News

नई दिल्ली 15-Jul-2015

देश के अस्पतालों में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी.नड्डा ने यहां बुधवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में 'स्वच्छ एवं हरित अभियान' की शुरुआत की। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान का ही हिस्सा है, जो तात्कालिकता की भावना तथा अस्पतालों में स्वच्छता उद्देश्यों के प्रति गंभीरता पैदा करने के लिए भारत के 12 बड़े तृतीयक देखभाल अस्पतालों को कवर करेगा।अभियान के हिस्से के तहत स्वास्थ्य मंत्रालय अगले एक साल में सबसे स्वच्छ अस्पताल को पुरस्कार प्रदान करेगा।नड्डा ने इस मौके पर कहा, "अस्पतालों में स्वच्छता और सफाई की जरूरत पर ध्यान देने का समय आ गया है। अस्पतालों को चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि सरकार अभियान को क्रियान्वित करने के लिए उसकी पूर्ण वित्तीय मदद करेगी।"उन्होंने कहा कि अधिकांश अस्पतालों में स्वच्छता व सफाई पर ध्यान न देने का सबसे बड़ा कारण अस्पतालों में मरीजों की बढ़ती संख्या है। उन्होंने हालांकि इस बात से आश्वस्त किया कि यह अभियान स्वच्छता व सफाई से जुड़े सभी मुद्दों का समाधान करेगा।अभियान के तहत एम्स सफाई व कर्मचारी प्रबंधन पर कई नई समितियों का गठन करेगा।सफाई कर्मचारियों को प्रौद्योगिकी से प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि सफाई प्रबंधन को उत्कृष्ट किया जा सके।स्वास्थ्य सचिव बी.पी.शर्मा ने कहा, "इस तरह के समर्पित अभियान की बेहद जरूरत थी।"