5 Dariya News

भारत, ताजिकिस्तान ने व्यापार सुधार व संपर्क पर जोर दिया

5 Dariya News

दुशांबे (ताजिकिस्तान) 13-Jul-2015

भारत तथा ताजिकिस्तान ने सोमवार को द्विपक्षीय व्यापार तथा वाणिज्य को बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि उद्देश्यों के लिए संपर्क साधनों को बढ़ाना महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति इमामली रहमान के बीच एक बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने क्षेत्र के अन्य देशों के साथ सहयोग के लिए एक वैकल्पिक सतह मार्ग के विकास की संभावना की खोज के तरीके एवं साधन पर चर्चा की। बयान के मुताबिक व्यापार, अर्थव्यवस्था, विज्ञान व प्रौद्योगिकी सहयोग पर भारत-ताजिकिस्तान के संयुक्त आयोग की बैठक इस साल दुशाम्बे में होगी तथा व्यापार व निवेश को बढ़ाने के लिए एक संक्षिप्त रणनीति तय की और व्यापार समुदायों के बीच आदान-प्रदान की सुविधा बढ़ाने के लिए विशेष उपायों को चिन्हित किया।संयुक्त बयान के मुताबिक, " नेताओं ने इस बात का उल्लेख किया कि पड़ोसी देश होने के बावजूद भारत तथा ताजिकिस्तान के बीच आर्थिक गतिविधियां उनकी क्षमता के अनुरूप नहीं हो रही।"

दोनों नेताओं ने एक संतुलन तथा सतत द्विपक्षीय संबंधों के विकास के लिए व्यापार व निवेश की महत्ता को रेखांकित किया और आर्थिक संबंधों को नुकसान पहुंचाने वाले संरचनात्मक व कार्यात्मक मुद्दों को दूर करने के लिए साथ काम करने की प्रतिबद्धता जताई।व्यापार के सीमित होने में संपर्क सबसे महत्वपूर्ण तथ्य के रूप में सामने आया।ताजिकिस्तान ने अंतर्राष्ट्रीय उत्तर दक्षिण परिवहन गलियारे (आईएनएसटीसी) के समर्थन की बात दोहराई, जो भारत, रूस, ईरान, यूरोप तथा मध्य एशिया के बीच माल परिवहन के लिए जहाज, रेल तथा सड़क मार्ग है। इस मार्ग पर पहले भारत, ईरान, अजरबैजान तथा रूस के बीच जहाज, रेल व सड़क मार्ग के सहारे माल का आदान-प्रदान होगा। 

दोनों नेताओं ने इस बात को माना कि प्रस्तावित पाकिस्तान, अफगानिस्तान तथा ताजिकिस्तान त्रिपक्षीय पारगमन व्यापार समझौता (पीएटीटीटीटीटीए) ताजिकिस्तान तथा दक्षिण एशियाई क्षेत्र के देशों के बीच व्यापार को बढ़ावा देगा।उन्होंने इस बात का फैसला लिया कि इस व्यवस्था में भारत को शामिल करने को लेकर आगे बातचीत होगी।व्यापार, आर्थिक गतिविधियां, पर्यटन तथा लोगों के बीच संबंधों को बढ़ाने के उद्देश्य से वायु संपर्क की महत्ता पर भी जोर दिया गया।बैठक में मोदी व रहमान ने दिल्ली-दुशांबे के बीच उड़ानों की संख्या बढ़ाने के लिए दोनों देशों के संबंधित अधिकारियों को रचनात्मक तरीका ढूंढने पर जोर दिया।