5 Dariya News

भारत, ताजिकिस्तान आतंकवाद के खिलाफ सहयोग बढ़ाएंगे : नरेंद्र मोदी

5 Dariya News

दुशान्बे (ताजिकिस्तान) 13-Jul-2015

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि भारत और ताजिकिस्तान ने आतंकवाद से मुकाबले में सहयोग बढ़ाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने रक्षा और संपर्क के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने का संकल्प लिया है। इसके पहले मोदी ने ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति इमामली रहमान के साथ यहां बातचीत की। ताजिकिस्तान मोदी के मध्य एशिया दौरे का अंतिम पड़ाव है।दोनों पक्षों ने संस्कृति और मानव संसाधन विकास क्षेत्रों में समझौते किए।मोदी ने रहमान के साथ बातचीत के बाद मीडिया को जारी एक बयान में कहा कि दोनों देश गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत संबंधों से जुड़े हुए हैं।उन्होंने कहा, "ताजिकिस्तान सभी मध्य एशियाई देशों में भारत के सबसे नजदीक है। 

हम एक संकरे गलियारे से एक-दूसरे से अलग हैं। मध्य एशिया में हमारे भाषाई संबंध सबसे घनिष्ठ हैं।"मोदी ने कहा कि उनके पांच मध्य एशियाई देशों के दौरे में ताजिकिस्तान आखिरी पड़ाव है, "लेकिन हम कभी-कभी किसी खास से अंत में मिलते हैं।"उन्होंने कहा, "आतंकवाद के बढ़ते खतरे के बीच हमें अपना सहयोग बढ़ाना होगा। आतंकवाद और चरमपंथ का मुकाबला करना हमेशा ही सहयोग का महत्वपूर्ण क्षेत्र रहा है।"उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग मजबूत करने के लिए सहमति बनी है। दोनों देश अंतर्राष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारे को बढ़ावा देने के लिए तैयार हैं। इसे मुंबई से सेंट पीटर्सबर्ग से जोड़ने की मांग की गई है।

मोदी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दोनों देश क्षेत्र में समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए एक सीधा संपर्क स्थापित कर सकते हैं।मोदी ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थाई सदस्यता का समर्थन करने के लिए ताजिकिस्तान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारत शंघाई सहयोग संगठन का सदस्य बन रहा है। इससे द्विपक्षीय भागीदारी में एक नया आयाम जुड़ेगा।उन्होंने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक सफलता में सहयोग देने के लिए राष्ट्रपति रहमान और ताजिकिस्तान को धन्यवाद दिया और रहमान को भारत आने का न्योता दिया।दोनों देशों ने ताजिकिस्तान के 37 स्कूलों में कंप्यूटर प्रयोगशालाएं स्थापित करने के लिए भी समझौता किया।