बढ़ती जनसंख्या के अभिशाप को वरदान में बदलें : वसुंधरा राजे
5 Dariya News
जयपुर 10-Jul-2015
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों से आग्रह किया है कि वे तेजी से बढ़ती हुई जनसंख्या के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करें ताकि नई पीढ़ी को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि विश्व की कुल आबादी का अधिकांश हिस्सा एशियाई देशों में बसता है जहां बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और संसाधनों की कमी से विस्फोटक स्थिति बन रही है। भारत ने अपनी जनसंख्या वृद्घि पर रोक नहीं लगाई तो आने वाले समय में यह सबसे अधिक आबादी वाला देश बन जाएगा।राजे ने कहा कि आवश्यकता इस बात की है कि हम अपनी जनसंख्या को सीमित करते हुए कौशल विकास एवं मानव संसाधन प्रबंधन के माध्यम से बढ़ती जनसंख्या के अभिशाप को वरदान में बदलें। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर प्रत्येक दम्पति जनसंख्या स्थिरीकरण के लिए अपने योगदान पर विचार करेंगे।