5 Dariya News

सिरसा को बनाया जाए स्मार्ट सिटी : गोपाल कांडा

5 Dariya News

चंडीगढ़ 27-Jun-2015

हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष गोपाल कांडा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को पत्र लिखकर सिरसा जिला को स्मार्ट सिटी बनाने के प्रोजेक्ट में शामिल करने की मांग की है। अपने मांग पत्र में कांडा ने कहा कि सिरसा संत-महात्माओं की धरा और करोड़ो लोगों की आस्था का केंद्र है। सिरसा में अनेक धार्मिक स्थल और कई डेरों के मुख्यालय स्थित हैं। संतों और गुरुओं के दर्शन करने के लिए यहां रोजाना देश-विदेश से भारी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। कांडा ने कहा कि राजस्थान और पंजाब की सीमाओं पर स्थित सिरसा जिला क्षेत्रवाद और भेदभाव का शिकार रहा है। जिसके कारण यह आज भी पिछड़ा हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से दूर होने के कारण यहां पर कोई बड़ा उद्योग भी स्थापित नहीं हो पाया। जिसके कारण यहां के युवाओं को बेरोजगारी का दंश झेलना पड़ रहा है। कांडा ने कहा कि कॉटन के रुप में सफेद सोना उगलने वाली सिरसा की धरती से प्रदेश सरकार को सबसे अधिक मार्केट फीस और राजस्व की प्राप्ती होती है। यहां के मेहनतकश किसानों की बदौलत प्रदेश को गेंहू उत्पादन में देश में दूसरा स्थान प्राप्त है। 

पूर्व गृहराज्यमंत्री गोपाल कांडा ने कहा कि यदि सिरसा को स्मार्ट सिटी बनाया जाता है तो यहां के लोगों को शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी लाभ होगा और वर्षों से विकास कार्यों में अनदेखी का शिकार रहे सिरसा के लोगों को उनका हक मिल पाएगा। मांग पत्र में कांडा ने कहा कि सिरसा के युवाओं ने खेलों के क्षेत्र में विशेषकर हॉकी में पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन किया है। परंतु फिर भी सिरसावासी विकास की राह देख रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी से गोपाल कांडा ने मांग की है कि राजनीतिक और प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार रहे सिरसा जिला को पूर्ण रुप से विकसित करने का यह सुनहरी अवसर है। यदि इस जिले को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में शामिल कर लिया जाता है तो निश्चित रुप से यहां के किसानों, व्यापारियों, युवाओं सहित सभी वर्गों को लाभ प्राप्त होगा। गौरतलब है कि गोपाल कांडा ने पिछले पखवाड़े मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर सिरसा के विकास कार्यों को गति देने की मांग की थी। जिस पर मुख्यमंत्री श्री खट्टर ने भी उन्हें आश्वसत किया था कि सिरसा जिला से किसी तरह का भेदभाव नहीं होगा और जिला का सम्पूर्ण विकास करवाया जाएगा।