5 Dariya News

सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता : कविता जैन

विश्व योग दिवस पर योगा को गांव-गांव घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लेने का आह्वान

5 Dariya News

सोनीपत 18-Jun-2015

हरियाणा की महिला बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री कविता जैन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र व प्रदेश की सरकार लोगों के हित के लिए लगातार कार्य कर रही है। अब पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वह इन नीतियों को बेहतर ढंग से जनता तक पहुंचाएं और अधिक से अधिक सदस्यों को पार्टी के साथ जोड़ें।जैन बुधवार देर सांय सोनीपत जिले के बडवासनी स्थित अंजलि गार्डन में पार्टी के महासंपर्क अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रही थी।उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा देशभर में सदस्यता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत करोड़ों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली और पार्टी विश्व की सबसे अधिक सदस्य संख्या वाली पार्टी बनकर उभरी। अब पार्टी द्वारा जिला और मंडल स्तर पर इन सभी कार्यकर्ताओं से महासंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। पार्टी के पदाधिकारी इन सदस्यों से घर-घर जाकर व्यक्तिगत तौर पर संपर्क करें और भविष्य में बेहतर ढंग से पार्टी से जुडक़र काम करने के लिए प्रेरित करें। 

इस दौरान उन्होंने विश्व योग दिवस का भी अधिक से अधिक प्रचार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग हमारी प्राचीन पद्धति है और हमें इसे दौबारा जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि 21 जून को पूरी दुनिया विश्व योग दिवस मना रही है। ऐसे में जिलास्तर और उपमंडल स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अधिक से अधिक कार्यकर्ता इन शिविरों में पहुंचें और गांव-गांव और घर-घर तक लोगों को योग के महत्व के बारे में बताएं।कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर बेटी-बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को भी अधिक बेहतर ढंग से लागू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा प्रत्येक कार्यकर्ता की यह जिम्मेदारी है कि वह कन्या भ्रूण हत्या करने वालों की जानकारी प्रशासन को दे और लोगों को बेटियों के महत्व के बारे में बताए। उन्होंने कहा कि एक बेटी पैदा होने के बाद जब शिक्षित होती है तो पहले बेटी फिर पत्नी और फिर मां व दादी बनकर कई पीढिय़ों को शिक्षित कर आगे बढ़ाती है।कार्यक्रम में पानीपत ग्रामीण से विधायक महीपाल ढांढा, सोनीपत प्रभारी एडवोकेट राजबाला चहल, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश आत्रेय, ललित बत्रा, रामचंद्र जांगड़ा, मोहन लाल बड़ौली, आजाद सिंह नेहरा, रविंद्र दिलावर, नवीन मंगला सहित भाजपा के सभी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रमुखों सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।