5 Dariya News

भाजपा सरकार अपने सभी वायदों से पीछे हट गई है- अभय चौटाला

लोगों के हितों को लेकर इनेलो निरंतर संघर्ष जारी रखेगी: नेता प्रतिपक्ष

5 Dariya News

नारनौल 17-Jun-2015

प्रदेश की भाजपा सरकार वादा खिलाफी की सरकार है। चुनाव से पूर्व भाजपा ने कहा था कि पंजाब के सामान वेतनमान, वन रेंक वन पेंशन तथा बुढ़ापा पेंशन दो हजार रुपए किए जाने की बात कहीं थी, लेकिन आज सरकार अपने सारे वायदे भूल गई है। सरकार हर क्षेत्र में 100 फीसदी फेल हो गई है। जनता से वादे पूरे न कर नाराज जनता का ध्यान बांटने के लिए सरकार हर रोज नए कारनामे दिखा रही है। कांग्रेस के कुशासन ने छुटकारा पाने के बाद नई सरकार से जनता को सहुलियतें मिलने की उम्मीद थी, वह धूमिल होती दिखाई दे रही है। देश की रक्षा करने वाला सैनिक आज धरना प्रदर्शन व विरोध प्रदर्शन करने पर मजबूर है।  यह आरोप आज भिवानी, नारनौल व रेवाड़ी में इनेलो की जिला स्तरीय बैठकों के दौरान  नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला और इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोङा ने भाजपा सरकार पर लगाए। 

अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश की जनता से भाजपा मुख्यमंत्री ने भी बदलाव का वादा किया था, जिसके लिए इनेलो ने सरकार को बदलाव के लिए छह माह का समय भी दिया, लेकिन हालात सुधरने की बजाय बिगङ़ रहे हैं और लोग बिजली-पानी जैसी मुलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि आज प्रदेश में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। कार्यकर्ता सम्मेलनों मेें उमड़ी भारी भीड़ से उत्साहित अभय सिंह ने कहा कि इनेलो जोरदार वापसी कर आमजन मानस की लड़ाई को और बेहतर ढंग से लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चौ. ओमप्रकाश चौटाला व उा. अजय सिंह चौटाला बनकर संगठन के लिए काम करने की बात कही। उन्हेंने कहा कि सरकारी कर्मचारी पंजाब के समान वेतन की मांग कर रहे हैं, कच्चे कर्मचारी पक्के होने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और देश की रक्षा करने वाले फौजी वन रैंक, वन पैंशन के लिए सङकों पर हैं। इनेलो नेता ने कहा कि सरकार वादे पूरे करने की बजाय कभी सफाई अभियान, कभी बेटी बचाओ,बेटी पढाओ और अब योग जैसे रोज नए अभियान शुरु कर जनता का ध्यान बांटना चाहती है। उन्होने सरकार पर योग के बहाने राजनीति करने का आरोप लगाया।

प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने योग दिवस पर विपक्षी विधायकों की ड्यूटी लगाए जाने पर कहा कि सरकार को चहिए था कि वे सर्वदलिय बैठक का आयोजन करती तथा फिर फैसले के बाद योग शुरु होना चहिए था लेकिन आज सरकार ने अपना  फरमान जारी कर दिया तथा इनेलो के सांसदों व विधायकों की भी ड्यूटी लगा दी। उन्होने कहा सरकार के इस  फैसले को मानने के लिए बाध्य नही है, वे कोई बंधुआ मजदूर नही है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इनेलो सरकार की विफलता को लेकर विधानसभा सत्र से विरोध शुरु करेगी। उन्होने अनिल विज द्वारा योग का विरोध करने वालों को देश का दुश्मन और देश द्रोही कहने पर कटाक्ष किया और कहा कि विज दुसरों से पहले भाजपा के उन नेताओं पर कार्यवाही करें जो योग शिविरों का विरोध कर उनमें नहीं पहुंच रहे। 

इससे पहले भिवानी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला व प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि बच्चों का भविष्य बनाने वाले अध्यापकगण आज स्वयं के भविष्य के लिए चिंतनीय है। इसके लिए प्रदेश की पिछली कांग्रेस सरकार व वर्तमान भाजपा सरकार जिम्मेदार है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र हुड्डा को गेस्ट टीचरों के भविष्य से खिलवाड़ करने का जिम्मेदार बताया। वही भाजपा सरकार ने पूर्व में गैस्ट टीचरों से किए गए वादे पूरे न कर भूपेन्द्र हुड्डा का ही सहयोगी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व भाजपा की साठगांठ से युवाओं से रोजगार छिना जा रहा है। इनेलो नेता ने रेवाड़ी में कहा कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद के भाजपा द्वारा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद सबसे पहले रेवाड़ी में आए थे और यहां सैनिकों के सम्मेलन में उन्होंने पूर्व सैनिकों को वन रैंक वन पेंशन दिए जाने का वायदा किया था। ये वादा भाजपा के घोषणा पत्र में भी शामिल था लेकिन सरकार द्वारा वादा पूरा न करने पर अब पूर्व सैनिकों को आंदोलन करना पड़ रहा है। इनेलो नेता ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी न तो योग के खिलाफ है और न ही बाबा रामदेव के खिलाफ है लेकिन इनेलो योग का भाजपा द्वारा राजनीतिकरण किए जाने के पूरी तरह खिलाफ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भाजपा व कांग्रेस इनेलो के सामने पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़े तो इनेलो उनकी हैसियत बताने का काम करेगी।

नारनौल के सम्मेलन को जिला प्रधान सतबीर यादव, पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह व सभी हल्का अध्यक्षों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विद्यानंद लाम्बा, राव होशियार सिंह, भाना राम सैनी, रमेश पालड़ी, सुरेश पटीकरा, होशियार सिंह गोदारा, अमर सिंह ब्रह्मचारी, सुदेश ढिल्लो, नरेश शेखावत, बजरंग लाल, राव अभय सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे। भिवानी के सम्मेलन में जिला प्रधान सुनील लांबा, रणबीर मंदौला, अमन राघव, इंदू परमार चांग, श्लोचना पोटलियां, राजू मेहरा, जितेन्द्र शर्मा, बृजलाल जोगी, अशोक स्वामी, कुलदीप मनसरवास, सजन बलाली, राजबीर तालू, पपल ठाकुर सहित अनेक इनेलो कार्यकर्ता उपस्थित थे। रेवाड़ी के सम्मेलन में जिलाध्यक्ष सुनील यादव, जफूर यादव कोसली, रामकिशन छिल्लर बावल, डॉ. राजपाल यादव रेवाड़ी, कमला शर्मा, किरणपाल यादव, टेकचंद सैनी, राजबीर यादव व वरुण गांधी सहित पार्टी के अनेक प्रमुख नेता व पदाधिकारी मौजूद थे।