5 Dariya News

भाजपा व कांग्रेस हवाई अड्डा परियोजनाओं के नाम पर जनता को कर रही है गुमराह :दुष्यंत चौटाला

5 Dariya News

हिसार 12-Jun-2015

हिसार में हवाई अड्डा परियोजनाओं के नाम पर कांग्रेस व भाजपा दोनों जनता को बरगला रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि ना तो कांग्रेस सरकार और न ही मौजूदा भाजपा सरकार इस मुद्दे को लेकर गंभीर रही। यह बात सांसद दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को हिसार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। सांसद चौटाला ने कहा कि सर्वप्रथम उन्होंने 14 जुलाई 2014 को संसद में केंद्रीय विमानन मंत्री से सवाल किया था कि क्या हरियाणा में कोई कार्गो एयरपोर्ट बनाने के लिए कोई परियोजना है या नहीं। इसके जवाब में माननीय मंत्री ने कहा था कि केंद्र सरकार का इस प्रकार का कोई प्रपोजल नहीं है। इसके बाद 11 अगस्त 2014 को संसद में प्रश्र क्रमांक 4561 के माध्यम से दोबारा यह सवाल उठाया कि सरकार ने किसी विमानन परियोजना के लिए देश में कहां कहां पर भूमि अधिग्रहित की है, जिसके जवाब में माननीय मंत्री जी ने जो जवाब दिया उसमें हरियाणा प्रदेश का कहीं कोई हवाला नहीं था। इसलिए उन्होंने 9 दिसंबर 2014 को पत्र क्रमांक एमपी/17/2014/एनडी के माध्यम से सिविल एविऐशन मंत्री भारत सरकार अशोक गजपति राजू  को भी पत्र लिखकर मांग की थी कि हिसार में एक सिविल एयरपोर्ट व इंटरनेशनल कार्गोे स्थापित किया जाए।

उस पत्र में यह हवाला दिया गया था कि हिसार काउंटर मैग्नेट सिटी की श्रेणी में है। इस जिले में दस हजार से ज्यादा छोटी बढी औद्योगिक इकाइंया है। इसके अलावा हिसार जिले की सीमाएं पड़ोसी राज्य पंजाब व राजस्थान से मिलती है। अगर हिसार में इस तरह का सिविल एयरपोर्ट स्थापित किया जाता है तो बहुत ज्यादा लोगों को इसका फायदा होगा। उन्होंने मौजूदा विधायक व जनप्रतिनिधियों पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे जनता के किसी भी मुद्दे को लेकर गंभीर नहीं है। अगर वे इंटरनेशनल हवाई अड्डा या विमानन हब हिसार में बनाना चाहते हैं तो इसके लिए केंद्र सरकार के पास कोई प्रपोजल तो भेजें। वे स्वयं हिसार का सांसद होने के नाते इस प्रपोजल की पुरजोर वकालत करेंगे। सांसद चौटाला ने कहा कि वे स्वयं हिसार में इंटरनेशनल हवाई अड्डा बनवाना चाहते हैं और समय समय पर उपयुक्त मंच पर इसके लिए आवाज उठाते रहे हैं। इसके लिए वे गत नौ जून को एविएशन मंत्रालय को पत्र लिखकर ग्रीनफिल्ड, एयरपोर्ट व इंटरनेशनल कार्गो फ्लाइट सर्विस के लिए प्रपोजल बनाने व इस दिशा में सर्वे कराए जाने की प्रार्थना की है। जबकि मौजूदा सरकार की तरफ से किसी भी जनप्रतिनिधि ने संबंधित मंत्रालय के पास इस दिशा में कोई पैरवी नहीं की और केवल मात्र अखबारी बयानबाजी करके सुर्खियां बटोरने का कार्य कर रहे हैं ताकि जनता का ध्यान मूल समस्याओं से हटाया जा सके।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खट्टर जब पहली बार हिसार आए थे तो उन्होनें कहा था कि हिसार के लिए इंटरनेशनल एयरपोर्ट का प्रपोजल भेजा जा चुका है, लेकिन संसदीय सत्र के दौरान जब केंद्रीय मंत्री से सवाल पूछा गया तो प्रदेश सरकार की पोल खुली। इसलिए वे अपनी झेंप मिटाने के लिए बिना किसी प्रपोजल के लिए केवल अखबारी बयानबाजी कर रहे हैं। सांसद चौटाला ने मुख्यमंत्री से हिसार शहर की सबसे व्यस्तम मार्केट राजगुरु मार्केट के लिए मल्टी स्टोरी पार्किंग की मांग की थी, जिसके बारे में स्थानीय अधिकारियों ने प्रोजेक्ट बनाकर भेज दिया, लेकिन मुख्यमंत्री महोदय ने इस प्रोजेक्ट को मात्र इसलिए खारिज कर दिया, क्योंकि इसकी लागत 70 करोड़ रुपए थी। मुख्यमंत्री जहां दूसरे शहरों में करोड़ों रुपए की ग्रांट व प्रोजेक्ट मंजूर कर रहे हैं, वहीं हिसार के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। सांसद चौटाला ने सांसद निधि कोष पर बोलते हुए कहा कि उन्होंने इस कोष से हिसार के लिए 75 प्रोजेक्ट्स की अनुशंसा की थी, लेकिन आज तक केवल 9 प्रोजेक्ट पूरे हुए हैं, 28 शुरू ही नहीं किए गए, जबकि 38 प्रोजेक्ट्स इनप्रोग्रेस कर लंबित रखे हुए हैं। हिसार के प्रति प्रदेश सरकार के उदासीनपूर्ण रवैये की वजह से ही हिसार में विकासकार्य नहीं हो पा रहे। 

उन्होंने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय योजना के तहत 46 हजार करोड़ रुपए का बजट मंजूर कर सभी प्रदेशों को दिया गया, परंतु इस योजना के तहत प्रदेश सरकार ने किसी भी गांव का फीडर अपग्रेड नहीं करवा पाई। उन्होनें कहा कि जब केंद्र सरकार यह दावा कर रही है कि आने वाले दो साल में हर गांव में भरपूर बिजली होगी, लेकिन एक साल बीतने के बाद भी इस दिशा में कोई काम नहीं हुआ है। आज किसी भी गांव में आठ घंटे से ज्यादा बिजली नहीं मिलती। इस मौके पर उनके साथ जिलाध्यक्ष राजेंद्र लितानी, विधायक रणबीर सिंह गंगवा, वेद नारंग, अनूप धानक, राजेश गोदारा, हलकाध्यक्ष सजन लावट, एडवोकेट मनदीप बिश्रोई, सिद्धार्थ गोदारा, अमित बूरा, सिल्क पूनिया व रमेश चुघ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। पूर्व सांसद रामजीलाल के घर पहुंचे शोक जताने: इससे पूर्व सांसद चौटाला पूर्व राज्यसभा सांसद रामजीलाल के आवास पर उनके भाई पूर्व सरपंच रामस्वरूप के निधन पर शोक प्रकट करने भी गए। सांसद दुष्यंत चौटाला ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतिप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।