5 Dariya News

किसानों को सूरजमुखी व मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिल पा रहा: जसविंदर संधू

5 Dariya News

चंडीगढ़ 12-Jun-2015

इनेलो विधायक दल के उपनेता एवं हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री जसविंदर सिंह संधू ने भाजपा सरकार पर किसान व जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज प्रदेश में सूरजमुखी व मक्का की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सरकारी खरीद न होने के कारण किसानों को अपनी फसलें औने-पौने दामों पर प्राइवेट एजेंसियों के हाथों एमएसपी से भी कम रेट पर बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है। पूर्व कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश में आज बिजली की हालत बेहद खराब है और गांवों में मात्र दो घण्टे सुबह ग्यारह बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक ही बिजली आती है और ग्रामीण लोग विशेषकर किसान बिजली कट की समस्या से बेहद परेशान हैं। इनेलो नेता ने कहा कि इन दिनों धान की रोपाई शिखर पर है लेकिन सरकार किसानों को पूरी बिजली देने की बजाय मात्र नियम बनाने की बयानबाजी करने में लगी हुई है।

पूर्व कृषि मंत्री ने कहा कि पिछली बार धान, नरमे कपास व गेहूं में नुकसान झेलने के बाद अब किसान को मक्का व सूरजमुखी का लागत मूल्य भी नहीं मिल पा रहा। उन्होंने सरकार से बिजली समस्या का फौरी हर निकालने और धान की रोपाई को देखते हुए किसानों को तुरंत राहत पहुंचाने की मांग की। इनेलो नेता ने शुक्रवार को पेहवा सिंचाई रेस्ट हाउस में लोगों की समस्याओं को सुना और रविवार को पंजाब धर्मशाला कुरुक्षेत्र में होने वाले पार्टी के जिलास्तरीय सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों को जुरूरी दिशा निर्देश भी दिए। इस मौके पर जिला प्रधान कुलदीप सिंह मुलतानी, हल्का प्रधान कर्ण सिंह ईस्हाक,शहरी प्रधान अशोक गुप्ता, टिटूू शर्मा, महिन्द्र कन्थला, राजू रामगढ़ रोड़, कार्यालय सचिव विजय शर्मा आदि कार्यकर्ता मौके पर उपस्थित थे।