5 Dariya News

श्रीनगर : आतंकवादियों ने मोबाइल टावर पर हथगोला फेंका, व्यक्ति घायल

5 Dariya News

श्रीनगर 01-Jun-2015

जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में सोमवार को आतंकवादियों ने एक मोबाइल टावर पर हथगोले से हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि इस हमले में एक व्यक्ति घायल हो गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यहां पर आईएएनएस को बताया, "बंदूकधारियों ने एक मोबाइल टावर पर हथगोला फेंक दिया, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया।"घायल व्यक्ति की पहचान इम्तियाज अहमद अहंगर के रूप में हुई है। वह टावर मालिक का भाई है और श्रीनगर स्थित हबकदल इलाके के गदूदबाग का निवासी है। 

पिछले सप्ताह उत्तरी कश्मीर में मोबाइल फोन उद्योग से जुड़े दो नागरिकों की हत्या कर दी गई थी। इससे सोपोर शहर के कई हिस्सों और उसके आसपास के इलाकों में मोबाइल सेवाएं बाधित हो गई थीं। हमले की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन 'लश्कर-ए-इस्लाम' ने ली है और सेवा प्रदााताओं को कश्मीर में अपनी सेवाएं बंद करने की धमकी दी है। पुलिस ने पिछले माह सोपोर में एक मोबाइल फोन टावर के शीर्ष पर लगा एक उच्च तकनीक का संचार उपकरण बरामद किया था। बताया जाता है कि इस उपकरण का इस्तेमाल आतंकवादी संगठन अपने संचार में सुधार लाने के लिए करते हैं।