5 Dariya News

हरियाणा में नहरों पर छोटे हाइड्रो प्रोजेक्ट लगाए जाएंगे :मनोहर लाल

5 Dariya News

टोहाना 31-May-2015

हरियाणा में नहरों पर छोटे हाइड्रो प्रोजेक्ट लगाए जाएंगे और इनसे पैदा हुई बिजली स्थानीय क्षेत्र को ही दी जाएगी, इसके लिए निजी क्षेत्र का सहयोग लिया जाएगा और उन्हें प्रोत्साहित भी किया जाएगा। राज्य में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 3000 करोड़ रुपये की लागत से बिजली की तारों को बदलने का काम भी किया जाएगा। इसके अलावा, जो गांव पैंडिंग बिजली बिलों सहित अपने बिल नियमित रूप से अदा करेंगे उन गांवों में प्राथमिकता के आधार पर बिजली तारे बदलने का कार्य शुरू होगा ताकि उन्हें 16 से 24 घंटे बिजली दी जा सके।

यह जानकारी आज टोहाना में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने विशाल जनकल्याण रैली को सम्बेधित करते हुए दी। उन्होंने टोहाना को 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली परियोजनाओं की सौगात भी दी।

उन्होंने पूर्व सरकार की नीतियों को कटघरे मे खड़ा करते हुए कहा कि उनकी गलत नीतियों की वजह से आज प्रदेश का युवा परेशान है। पूर्व की सरकार ने किस तरीके से भाई भतीजावाद को अपना कर बैकडोर से कर्मचारियों की भर्ती की जिस पर माननीय उच्च न्यायलय ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा है कि उनकी सरकार कानून का सम्मान करेगी और उनकी सहानुभूति अतिथि व कम्प्यूटर अध्यापकों के साथ है।मुख्यमंत्री ने युवाओं से सीधा संवाद व्यक्त करते हुए कहा कि पहले आपको बेहतर शिक्षा प्रदान करेंगे और रोजगार भी उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 50 हजार से अधिक पद रिक्त पड़े हैं जिनको भरने की प्रक्रिया निकट भविष्य में शुरू की जाएगी और भर्ती पूर्णतः मेरिट के आधार पर होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस में 5000 सिपाहियों की भर्ती की जाएगी।  इसके अतिरिक्त 500 महिला पुलिस कर्मी और 1000 पूर्व सैनिकों को पुलिस में भर्ती भी की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकारों ने प्रदेश को जात-पात, क्षेत्रवाद की राजनीति, फुट डालो राज करो जैसी नीतियों को अपनाकर प्रदेश के लोगों के साथ छलावा किया था परंतु उनकी सरकार की प्राथमिकता है कि हम सब एक हरियाणवी है और एकजुट होकर प्रदेश का विकास करेंगे और दूसरे राज्यों से आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व के मुख्यमंत्री हरियाणा को नम्बर वन बनाने का झूठा प्रचार कर रहे थे परंतु राज्य की स्थिति देश में 11वें नम्बर पर है। उन्होंने कहा कि हम काम करेंगे जनता सहयोग करेगी तो वह दिन दूर नही जब हरियाणा वास्तव में पहले स्थान पर होगा। उन्होंने कहा कि वे विपक्ष के उल्टे व झूठे प्रचार से नहीं घबराते हैं। सात माह के शासन काल में उन्होंने प्रदेश भर में 100 कार्यक्रम कर जनता की दुख तकलीफों को जाना है। उन्होंने कहा कि वे 500 कार्यक्रमों के माध्यम से जनता के बीच जाएंगे।

उन्होंने आज एक करोड़ की लागत से बनी महिला आईटीआई का उद्घाटन किया। 10 एकड़ में बनने वाले खेल स्टेडियम, अढाई करोड़ की लागत से जाखल में बनने वाले उपतहसील व बीडीपीओ कॉम्पलेक्स के भवन व 4.5 करोड़ रुपये की लागत से चंडीगढ़ रोड स्थित फतेहाबाद डिस्ट्रीब्यूटरी व भाखड़ा मेन ब्रांच पर बनने वाले हाई लेवल ब्रिज का शिलान्यास भी किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने बलियाला हैड पर मिनी हाइड्रो प्राजेक्ट का अवलोकन किया।मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उन्होंने कहा कि उनकी सरकार रोटी, कपड़ा और मकान, शिक्षा स्वास्थ्य और सम्मान के साथ काम कर रही है। उनकी सरकार की प्राथमिकता है कि रोजमर्रा के काम सबसे पहले किए जाएं इसी को आधार मानकर प्रदेश सरकार ने ग्राम स्तर पर ग्राम सचिवालय खोलने का निर्णय लिया है, जिसमें 163 प्रकार की सेवाएं प्रदान की जाएगी। 

उन्होंने कहा कि कृषि के साथ-साथ किसानों को दूसरे विकल्प भी दिए जाएं इसके लिए भी सरकार योजना बनाने जा रही है। किसान को प्रति एकड़ में एक लाख रुपये का मुनाफा हो और उसे  बीज, दवाइयां, ऑरगेनिक खाद मिले, इसके लिए एक विस्तृत रूप रेखा तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और घटती जोत गम्भीर समस्या है किसान को दूसरे सूक्ष्म व लघु उद्योगों की ओर बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए किसानों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।उन्होंने कहा प्रदेश के सभी जिलों में एक-एक महिला थाना इसी वर्ष रक्षाबंधन पर शुरू किया जा जाएगा। इन थानों में केवल महिला पुलिस कर्मी होंगी और महिलाओं से सम्बंधित शिकायतों का त्वरित निदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश के हर जिले में एक-एक मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा जिनमें प्रतिवर्ष 2000 डॉक्टर तैयार किए जाएंगे।मुख्यमंत्री ने पूर्व की सरकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनकी उद्योग नीति पूर्ण रूप से फेल रही है। मानेसर में मारूति उद्योग का उदाहरण प्रदेश की जनता के सामने है कि किस प्रकार उसका पलायन दूसरे राज्य में हुआ। 

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की प्राथमिकता है कि  प्रदेश में कानून व्यव्स्था को मजबूत करके एक स्वच्छ व उचित वातावरण तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नई उद्योग नीति लेकर आ रही है जिससे निवेशकों, जनता व सरकार तीनों को लाभ पहुंचेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश नही होगा और इसके लिए सरकार ने तहसीलों में व्याप्त भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए ई-रजिस्ट्री व ई-स्टाम्प जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई है साथ ही लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक जिले में सीएम विंडो जैसी सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।

जनकल्याण रैली को सम्बोधित करते हुए टोहाना के विधायक एवं भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के रूप में जनता को सच्चा सेवक मिला है। उन्होंने कहा कि 26 अक्तुबर 2014 को सत्ता सम्भालते ही मुख्यमंत्री ने पहले 34 दिनों में हर जिले का दौरा करके जनता की दुख तकलीफों को जाना। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में चल रही सरकारें जनता की सच्ची सेवक हैं। विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए श्री बराला ने कहा कि वे कहते हैं कि हमें राज चलाने का अनुभव नहीं है। परंतु प्रदेश की जनता ये भली भांति जानती है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल का सेवा भाव का तर्जुबा बहुत पुराना है। उन्होंने कहा कि वे किसानों के सच्चे हितेषी हैं। उन्होंने किसानों की पीड़ा को समझा और ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का 1092 करोड़ रूपये मुआवजा किसान के हाथ में तुरंत देने का काम किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा व कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर को कटघरे मे खड़ा करते हुए कहा कि फरवरी 2014 में उनके कार्यकाल के दौरान प्रदेश में ओलावृष्टि से किसानों की फसलें खराब हुई थी तब उन्होंने किसान की पीड़ा को नहीं समझा था। भाजपा सरकार ने उनके कार्यकाल का बकाया 243 करोड़ का मुआवजा भी अब दिया है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस तो हाशियें पर चली गई है। कांग्रेस तो अपना अस्तित्व बचाने के लिए लड़ रही है जनता से उनका कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार सबका साथ-सबका विकास पर चल रही है। भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन आपसी सहयोग से सम्पूर्ण व समग्र विकास ही हमारा लक्ष्य है। उन्होंने आए हुए लोगों का धन्यवाद किया और मुख्यमंत्री के समक्ष हलका की मांगों को रखा।इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्रीनिवास गोयल, जवाहर सैनी, सुनीता दुग्गल, स्वतंत्र बाला चौधरी, रवि सैनी, स्वामी राघवानंद,रमेश मैहता, भारत भूषण मिढा, सरदारी लाल, राजपाल बैनीवाल, विज्ञान सागर बागला, प्रमोद बैनीवाल, प्रवीण जोड़ा, उपायुक्त  एनके सोलंकी, पुलिस अधीक्षक संगीता कालिया, अतिरिक्त उपायुक्त राजेश जोगपाल, एसडीएम डॉ. जेके आभीर सहित अन्य अधिकारीगण व भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित थे।

 मुख्यमंत्री ने जिला को दी सौगातें -

- टोहाना व जाखल में नई अनाज मंडियों का निर्माण

- समैण में अतिरिक्त जलघर का निर्माण

- 10-10 गांवों में व्यायामशालाएं और ग्राम सचिवालय बनाने की घोषाणा

- टोहाना के पांच बड़े गांवों में सुलभ शौचालय खोलने की घोषणा

- जाखल में बस स्टैंड को ऊंचा उठाया जाएगा

- कुलां में सब तहसील भवन का निर्माण होगा

- जाखल में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाना

- धारसूल में विश्राम गृह का निर्माण सहित 18 करोड 50 लाख की अन्य परियोजनाओं की घोषणा

- टोहाना में 10 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से 10 नई सड़कों की मंजूरी

- टोहाना में सिंचाई सुविधाओं के लिए 19 करोड रुपये की राशि

-टोहाना हलके के गांवों में गलियो के निर्माण के लिए 11 करोड़ रूपये तथा टोहाना शहर की गलियों के निर्माण के लिए पांच करोड़ की राशि

- फतेहबाद में चिल्ली झील व पार्क के लिए पांच करोड़ रुपये।

- रतिया में एसडीएम कार्यालय भवन निर्माण के लिए आठ करोड़ की राशि।