राहुल गांधी ने आईआईटी-मद्रास के छात्र संगठन पर प्रतिबंध की आलोचना की
5 Dariya News
नई दिल्ली 29-May-2015
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-मद्रास द्वारा नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना करने पर छात्रों के एक समूह पर प्रतिबंध लगाने के फैसले की आलोचना की है। राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, "मोदी सरकार की आलोचना करने के लिए आईआईटी के छात्रों के एक समूह पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। अब आगे किस पर प्रतिबंध लगाया जाएगा?"उन्होंने कहा, "अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता हमारा अधिकार है। हम विरोध और चर्चा को दबाने की किसी भी कोशिश के खिलाफ लड़ेंगे।"
उनकी यह टिप्पणी आईआईटी मद्रास द्वारा अंबेडकर पेरियार स्टडी सर्कल पर प्रतिबंध लगाने के कुछ समय बाद आई है।अंबेडकर पेरियार स्टडी सर्कल छात्रों का एक समूह है। आईआईटी ने यह कार्रवाई एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा केंद्र सरकार से की गई शिकायत के आधार पर की है। इस शिकायत में कहा गया था कि परिसर में विवादित पर्चे और पोस्टर वितरित किए जा रहें हैं और छात्रों में नफरत फैलाने की कोशिश की जा रही है।