हॉलीवुड अभिनेत्री मिशेल नेपाल की मदद में जुटी
5 Dariya News
काठमांडू 18-May-2015
मशहूर हॉलीवुड अभिनेत्री मिशेल योह ने हिमालयी देश नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप को बतौर पर्यटक अपनी आंखों से देखा। वह अब नेपाल के लिए आर्थिक मदद जुटाने के काम में तन-मन से लगी हुई हैं। मिशेल को ऑस्कर विजेता फिल्म 'क्राउचिंग टाइगर, हिडन ड्रैगन' और जेम्स बान्ड श्रृंखला की फिल्म 'टुमॉरो नेवर डाइज' में उनकी भूमिकाओं के लिए जाना जाता है।मलेशिया में जन्मीं मिशेल ने आईएएनएस को बताया, "जरूरतमंद लोगों की मदद करना एक महीने या एक साल का काम नहीं है, बल्कि इसमें कई साल लगेंगे। मैं तैयार हूं।"वह 'लाइव टू लव' फाउंडेशन की ब्रांड एंबेसडर भी हैं। उन्होंने कहा, "इस हिमालयी क्षेत्र में जल्द बारिश आने वाली है। उसके बाद निर्दयी सर्दियां आएंगी। वक्त बहुत कम है। हमें अभी भी कई अभागों तक पहुंचना बाकी है।"मिशेल ने बीते दो दिनों में काठमांडू के बाहर स्थित भूकंप प्रभावित गांवों का दौरा किया और पुनर्वास के काम का जायजा लिया।उन्होंने कहा, "मैंने कई ऐसे शिशुओं को देखा, जिन्हें अभी भी तुरंत चिकित्सीय मदद की जरूरत है। हमें उन्हें भोजन उपलब्ध कराना होगा और उनकी मांओं को दोबारा बसाना होगा। वो मांएं अभी भी सदमे में हैं।"
मिशेल फेडरेशन इंटरनेशनेल डे एल,ऑटोमोबाइल (एफआईए) एशिया-पैसिफिक स्पोर्ट रीजनल कांग्रेस के लिए अपने मंगेतर जीन टॉड के साथ काठमांडू आई थीं। उल्लेखनीय है कि 25 अप्रैल को पूरे नेपाल को हिलाकर रख देने वाले जलजले में आठ हजार से ज्यादा लोग मारे गए हैं। वहीं हजारों लोग घायल हो गए।मिशेल के मंगेतर जीन टॉड फ्रांस के रहने वाले हैं। वह विश्व मोटरस्पोर्ट गवर्निग बॉडी के अध्यक्ष हैं, जबकि वह इसकी सड़क सुरक्षा एंबेसडर हैं। इस जोड़े ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून से मुलाकात की और उनसे नेपाल भूकंप पीड़ितों की मदद करने का आग्रह किया।
मिशेल ने उस भूकंप को याद करते हुए उसे रोंगटे खड़े कर देने वाला अनुभव बताया।
उन्होंने कहा, "हम डरे और सहमे हुए थे। पूरा समय जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकल जाने की दुआ करते रहे। भूकंप और झटके आने के कुछ घंटों बाद ही हम में होटल में घुसने की हिम्मत हुई। हम सभी दुआ कर रहे थे कि 'हे ईश्वर हमें छठे तल पर मौजूद हमारे कमरे तक पहुंचने और वहां से हमारा पासपोर्ट एवं पैसे लेकर आने के लिए चंद मिनट दे दो।"