दूरदराज क्षेत्रों को सड़क मार्गों से जोड़ना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताः वीरभद्र सिंह
5 Dariya News
कुल्लू 16-May-2015
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के डोडरा-क्वार, काशापाठ, पांगी, बड़ा भंगाल इत्यादि अति दुर्गम क्षेत्रों को सड़क मार्गों से जोड़ने और शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थान खोलने को प्राथमिकता प्रदान कर रही है ताकि इन क्षेत्रों का राज्य के दूसरे भागों की तर्ज पर तीव्र विकास सुनिश्चित हो सके।मुख्यमंत्री गत शुक्रवार देर सांय कुल्लू जिले की दूरवर्ती लगघाटी के भुट्टी में जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाबू जोत सुरंग के शीघ्र निर्माण के प्रयास किए जा रहे हैं। इस सुरंग के निर्माण से कई किलोमीटर की दूरी कम होगी और वर्ष भर वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित होगी।श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि हालांकि, प्रदेश सरकार ने स्कूलों में युक्तिकरण की नीति अपनाई गई है, लेकिन कठिन क्षेत्रों की विषम परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इन क्षेत्रों में विद्यार्थियों को उनके घरद्वार के नजदीक शिक्षा सुविधा सुनिश्चित बनाने के लिए नए शिक्षण संस्थान खोले जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत मजाहट के डुपकन तथा भलियाणी पंचायत के खड़का में नई राजकीय प्राथमिक पाठशालाएं खोलने की घोषणा की। उन्होंने राजकीय प्राथमिक पाठशाला सुम्मा को माध्यमिक पाठशाला, राजकीय माध्यमिक पाठशाला फल्लां, चारा कोठी, भुमतीर और कडिंगचा को उच्च पाठशालाएं, जबकि राजकीय उच्च पाठशाला बगान और डुगिलग को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाएं स्तरोन्नत करने की भी घोषणाएं की।श्री वीरभद्र सिंह ने आश्वासन दिया कि टंडारी से डुपकन सड़क निर्माण के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने डुपकन से फल्लां, जिन्डी, चलाह-कडिंगचा-समालंग-त्यूण और सतरिंग से जठानी सड़कों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने विभाग को नाघुजोत पावर हाऊस से ग्रमांग-2, बगान-बेढार-लाही, सर्कुलर रोड़ डोडरा पावर हाऊस से लोअर गडारिया, रूजाग-बाड़ी, नेरी-छोटी नेरी, डारका पावर हाऊस डुगिलग और फैजड नाला से सलधाडी सड़कों के निर्माण का सर्वेक्षण करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने भारी वर्षा से क्षेत्र की आधा दर्जन से अधिक क्षतिग्रस्त सड़कों की मुरम्मत एवं सुधार के भी निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों की मांग पर श्री वीरभद्र सिंह ने कुल्लू-डुगिलग-खाणिपंड, कुल्लू-मशाण-थाच और कुल्लू-ब्रेहीराग्रां -भुुमतीर के बीच बस सेवाएं आरम्भ करने का मामला परिवहन विभाग से उठाने का आश्वासन दिया।मुख्यमंत्री ने डुपलन में आयुवेर्दिक औषधालय, डुखरीघर पंचायत के गांव शालंग और मजहाट पंचायत के गांव डुपकन में सामुदायिक सभागार निर्मित करने की भी घोषणाएं की।राज्य कांग्रेस पार्टी के महासचिव श्री सुंदर सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उनके समक्ष क्षेत्र की मांगे रखी।प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष श्री विक्रमादित्य सिंह, बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री कर्ण सिंह, वूल फैडरेशन के अध्यक्ष श्री रघुवीर ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष श्री हरिचन्द शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री बुद्धि सिंह ठाकुर, उपायुक्त कुल्लू श्री राकेश कंवर, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री अमितपाल सिंह, उच्च शिक्षा निदेशक श्री दिनकर बुराथोकी, कांग्रेसी नेता श्री धर्मवीर धर्माणी सहित पंचायतों के जन प्रतिनिधि, महिला एवं युवक मण्डलों के सदस्य भी इस अवसर पर उपस्थित थे।