5 Dariya News

भारत, चीन दुनिया के लिए अच्छा कर सकते हैं :नरेंद्र मोदी

5 Dariya News

शंघाई 16-May-2015

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और चीन दुनिया की एक तिहाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं और साथ मिलकर दुनिया के लिए अच्छा कर सकते हैं। 'मोदी-मोदी' के नारों के बीच पांच हजार भारतीयों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उनकी एक साल पहले आम चुनाव में हुई शानदार जीत की वर्षगांठ पर प्रवासी भारतीयों को संबोधित करना उनका सौभाग्य है।मोदी ने एक्सपो एक्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में हिंदी में कहा, "भारत तथा चीन दुनिया की पूरी आबादी के एक तिहाई हैं। क्या आपने कभी इस ताकत का अहसास किया है? समय बदल चुका है और यही कारण है कि चीन तथा भारत न केवल अपनी समस्या का समाधान कर सकते हैं, बल्कि बाकी दुनिया की भी मदद कर सकते हैं।"

मोदी ने कहा कि कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कड़ी मेहनत करने का वादा किया और वादे पूरे करने का प्रयास किया। साथ ही कोई छुट्टी नहीं ली और दिन रात काम किया।मोदी ने परंपराओं को तोड़कर अपने गृहनगर शियान में उनका स्वागत करने के लिए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को धन्यवाद दिया।मोदी ने कहा, "चीन में ऐसा पहली बार हुआ है कि राष्ट्रपति बीजिंग से किसी दूसरे शहर में किसी दूसरे देश के नेता के स्वागत के लिए आए। मैं शियान में स्वागत के लिए राष्ट्रपति को धन्यवाद देता हूं।"मोदी ने कहा कि यह स्वागत उनका नहीं, बल्कि भारत की 1.25 करोड़ जनता और सदियों पुराने भारत-चीन संबंधों का है।