5 Dariya News

चाय वाला प्रधानमंत्री बन सकता है तो पान वाला क्यों नहीं : नीतीश कुमार

5 Dariya News

पटना 15-May-2015

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि अगर चाय बेचने वाला देश का प्रधानमंत्री बन सकता है तो पान बेचने वाला देश का प्रधानमंत्री क्यों नहीं बन सकता। पटना के एस़ क़े मेमोरियल हॉल में आयोजित चौरसिया महासम्मेलन में लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार ने पान की खेती करने वालों को किसानों का दर्जा दिया है। कृषि रोड मैप में भी पान को शामिल किया गया है। 

उन्होंने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि सबौर कृषि विश्वविद्यालय की मदद से जल्द ही उत्तर बिहार में पान अनुसंधान केन्द्र खोलने की पहल की जाएगी। मुख्यमंत्री ने भाजपा नीत केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान सरकार ने जनता से किए अपने किसी वादे को पूरा नहीं किया है। उन्होंने कहा, "लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने अच्छे दिन आएंगे का वादा किया था परंतु भाजपा के लोगों को छोड़कर किसी के भी अच्छे दिन नजर नहीं आ रहे हैं। 

बावजूद इस बात को नकारा नहीं जा सकता है कि देश का प्रधानमंत्री एक चाय बेचने वाला भी बन सकता है।"उन्होंने कहा कि अगर चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री बन सकता है तो पान बेचने वाला प्रधानमंत्री के पद पर क्यों नहीं आसीन हो सकता है। उन्होंने कहा कि हम लोगों की खिदमत करने में लगे हैं, ऐसे में कोई गलत काम करना चाहेगा तो वह नहीं हो सकता है।