प्रदेश सरकार तीर्थन नदी तटीकरण का मामला केन्द्र से उठाएगीः वीरभद्र सिंह
5 Dariya News
कुल्लू 13-May-2015
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कुल्लू जिले के बंजार विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत राजकीय उच्च पाठशाला पलाहच को वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला स्तरोन्नत करने के अतिरिक्त राजकीय प्राथमिक पाठशाला, शारंग को माध्यमिक पाठशाला बनाने एवं राजकीय माध्यमिक पाठशाला पजोही एवं बाहू को राजकीय उच्च पाठशाला के तौर पर स्तरोन्नत करने की घोषणाएं कीं।मुख्यमंत्री ने आज कुल्लू जिला के बंजार विधानसभा क्षेत्र में 2.10 करोड़ रुपये की दियोड़ी-पलाहच पेयजल आपूर्ति योजना की आधारशिला रखने के उपरान्त पलाहच में जनसभा को सम्बोधित करते हुए यह घोषणाएं की।वीरभद्र सिंह ने कहा कि तीर्थन नदी के तटीकरण का मामला केन्द्र सरकार के साथ उठाया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि दियोड़ी-पलाहच योजना दो वर्ष के भीतर पूरी की जाएगी और इस सन्दर्भ में पहले ही सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। इस योजना से बंजार विधानसभा क्षेत्र की दियोड़ी, पलाहच, कटरिप, राम्बी, नगेई, डुगाधार, नगरोल पंचायतों सहित लगभग एक दर्जन पंचायतें लाभान्वित होंगी।वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश का सम्पूर्ण विकास प्रदेश सरकार का ध्येय है और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर विशेष बल दिया जा रहा हैं।
वीरभद्र सिंह ने कहा कि विकास के साथ-साथ यह भी महत्वपूर्ण है कि हम अपनी भाषा, संस्कृति, रीति-रिवाजों एवं प्राचीन परम्पराओं का संरक्षण करें।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के पहले प्रधानमंत्री श्री जवाहर लाल नेहरू के समय में भारत की विकास यात्रा आरम्भ हुई थी और आज देश एक मजबूत राष्ट्र के रूप में खड़ा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के समय प्रदेश में लगभग 200 के करीब विद्यालय थे, जबकि आज प्रदेश में 15 हजार से अधिक विद्यालय, 81 महाविद्यालय हैं और तीन नए चिकित्सा महाविद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं।
श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के मामले में भेदभाव नहीं करती और राजनीतिक विचार धाराओं व क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर प्रदेशवासियों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।स्थानीय विधायक श्री कर्ण सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए जलापूर्ति योजना दियोड़ी-पलहाच की आधारशिला रखने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस योजना से क्षेत्र की दर्जन भर से अधिक पंचायतें लाभान्वित होंगी।इससे पूर्व, ग्राम पंचायत पलाहच की प्रधान श्रीमती इंद्रा देवी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र की मांगे उनके समक्ष रखीं।कारदार संघ कुल्लू ने भी इस अवसर पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष श्री विक्रमादित्य सिंह, एपीएमसी कुल्लू के अध्यक्ष श्री उपेन्द्र कान्त मिश्रा, पंचायत समिति बंजार की अध्यक्ष श्रीमती प्रभा पलसरा, महिला कांग्रेस कुल्लू की उपाध्यक्ष श्रीमती शारदा कटोच, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता श्री दिले राम शवाब, उपायुक्त कुल्लू श्री राकेश कंवर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।