5 Dariya News

नारायण साईं मामले के गवाह को गोली मारी

5 Dariya News

पानीपत (हरियाणा) 13-May-2015

विवादित संत आसाराम बापू के बेटे नारायण साई से संबंधित यौन शोषण मामले के मुख्य गवाह को हरियाणा में बुधवार को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। पुलिस ने बताया कि महेंद्र चावला को पानीपत जिले के सनौली गांव में उनके घर के बाहर गोली मारी गई और दो गोलियां उनकी पीठ में लगी हैं।पुलिस के अनुसार, चावला को पानीपत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर है। हरियाणा के एक पुलिस अधिकारी ने यहां कहा, "हम हमलावरों को पहचानने की कोशिश कर रहे हैं। विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।"आसाराम के बेटे नारायण साईं के खिलाफ गुजरात पुलिस ने महिला का यौन शोषण करने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार भी किया है। इस महिला ने आरोप लगाया था कि साईं ने सूरत स्थित आसाराम के आश्रम में 2002 से 2005 के बीच उसका यौन शोषण किया था।साईं को गुजरात उच्च न्यायालय ने पिछले महीने तीन सप्ताह की जमानत दे दी थी।