5 Dariya News

पिहोवा कुरूक्षेत्र सडक़ मार्ग राष्ट्रीय राज मार्ग घोषित हो :जसविन्द्र संधू

5 Dariya News

पेहवा 23-Apr-2015

इनेलो विधायक दल के उपनेता एवं पूर्व कृषि मंत्री जसविन्द्र सिंह संधू ने कहा कि धार्मिक दृष्टि से पिहोवा नगरी विश्व में प्रसिद्ध है, जहं पूरे भारत वर्ष से श्रद्धालू अपने पूर्वजों के पिंड दान करवाने के लिए आते है। उन्होंने जनता की मांग पर प्रदेश व केन्द्र में भाजपा सरकार से पिहोवा को रेल लाइन से जोडऩे व पिहोवा कुरूक्षेत्र सडक़ मार्ग को राष्ट्रीय राज मार्ग घोषित करने की मांग की। श्री संधू ने कहा कि लम्बे अरसे से पेहवा को रेल लाइन से जोडऩे की मांग श्रद्धालुओं द्वारा की जा रही है जिसको लेकर पूर्व स्थानीय सांसद लगातार दस वर्ष तक मात्र ब्यानबाजी करते रहे और कैथल से अम्बाला सडक़ मार्ग एनएच 65 को फोर लाइन करने की बात भी ब्यान बाजी तक सीमित रही। उन्होंने कहा कि पिहोवा कुरूक्षेत्र सडक़ मार्ग पंजाब, हरियाणा व उत्तर प्रदेश को आपस में जोड़ता है, इससे न केवल श्रद्धालुओं को लाभ  होगा बल्कि व्यापारिक गतिविधियां बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने पिहोवा कुरूक्षेत्र मार्ग पर लगे टोल टैक्स बैरियर को भी हटाने की मांग की।