भारतीयों की निकासी में जुटे अधिकारियों को नरेंद्र मोदी ने सराहा
5 Dariya News
06-Apr-2015
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संकटग्रस्त यमन से भारतीयों को सुरक्षित बाहर निकालने में शामिल गैर रक्षा एवं रक्षा अधिकारियों तथा संगठनों के प्रयासों की सोमवार को प्रशंसा की। मोदी ने एक आधिकारिक बयान में कहा, "यमन से अपने लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हम अपने गैर रक्षा एवं रक्षा अधिकारियों तथा संगठनों की सेवाओं को सलाम करते हैं।"प्रधानमंत्री ने कहा, "विभिन्न संगठनों जैसे विदेश मंत्रालय, नौसेना, वायुसेना, एयर इंडिया, जहाजरानी, रेलवे तथा राज्य सरकारों के बीच सहज सहयोग से बचाव अभियान में बेहद मदद मिली।"
उन्होंने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तथा विदेश राज्य मंत्री वी.के.सिंह की भी उनके प्रयासों के लिए तारीफ की।उन्होंने कहा, "उन्होंने अनुकरणीय तरीके से समन्वित निकासी का प्रयास किया है। इस बात से भी हमें खुशी है कि हम कई गैर भारतीय लोगों को भी यमन से बाहर निकालने में सफल हुए हैं। संकटग्रस्त यमन में फंसे अपने लोगों को निकालने का प्रयास भारतवासियों की सेवा तथा संकट में फंसे अन्य लोगों की मदद की तत्परता को दर्शाता है, जो भारत का चरित्र है।"उल्लेखनीय है कि भारत रविवार तक अपने 806 नागरिकों को स्वदेश ला चुका है।