5 Dariya News

बाबरी विध्वंस मामले में लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी को नोटिस

5 Dariya News

नई दिल्ली 31-Mar-2015

सर्वोच्च न्यायालय ने बाबरी विध्वंस मामले में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं- लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को नोटिस जारी किया। न्यायालय ने उन्हें यह नोटिस इलाहाबाद उच्च न्यायालय के उस फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर दिया है, जिसमें 1992 के बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में दोनों नेताओं को आपराधिक षड्यंत्र के आरोप से मुक्त कर दिया गया था। सर्वोच्च न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश न्यायमूति एच.एल. दत्तू और न्यायमूर्ति अरुण मिश्रा की पीठ ने आडवाणी और जोशी के अतिरिक्त केंद्रीय मंत्री उमा भारती, राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह को भी नोटिस जारी किया। इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने 22 साल पुराने इस मामले में 20 मई, 2010 को इन्हें षड्यंत्र के आरोपों से मुक्त कर दिया था।वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने न्यायालय को बताया कि हाजी महबूब अहमद ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के फैसले को चुनौती देते हुए इसके खिलाफ याचिका दायर की है, जिसके बाद न्यायालय ने नोटिस जारी किए।