5 Dariya News

स्थानीय निकाय के प्रतिनिधियों का भी हो सम्मान : के. चंद्रशेखर राव

5 Dariya News

हैदराबाद 14-Mar-2015

शहरी और ग्रामीण स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों को भारी वेतन वृद्धि देने के एक दिन बाद तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार उनके साथ सम्मान से पेश आएगी। विधान परिषद से उन्होंने कहा कि सरपंचों को भारी वेतन देने के मामले में तेलंगाना देश में दूसरे स्थान पर आता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकार ने स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा की और यथासंभव बेहतर सुविधा मुहैया कराने का वादा भूल गई। चंद्रशेखर राव ने कहा कि राज्य में 15000 सरपंच और मंडल परिषद क्षेत्रीय समिति (एमपीटीसी) के सदस्य हैं।तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) सरकार ने शुक्रवार को जिला परिषद के अध्यक्ष को मिल रहे मौजूदा 7500 रुपये मासिक मानदेय को बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया।

राज्य में नौ जिला परिषद है।

स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों ने अपने वेतन में बड़ी वृद्धि की सराहना की और मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। सरकार ने मेयरों के मानदेय को भी मौजूदा 14000 से बढ़ाकर 50,000 कर दिया। उपमेयरों को अब 25000 रुपये मिलेगा जबकि उन्हें 8000 मिल रहा था। हर कारपोरेटर को मौजूदा 4000 रुपये की जगह 6000 रुपये मिलेगा। सरपंचों की भी मानद राशि को भी 1500 से बढ़ाकर 5000 कर दी गई है। जिला परिषद क्षेत्रीय समिति (जेडपीटीसी) के सदस्यों, एमपीटीसी के सदस्यों और अन्य ग्रामीण एवं शहरी निकायों के जनप्रतिनिधियों को मिलने वाली मानद राशि भी बढ़ा दी गई है। यह वृद्धि अप्रैल से प्रभावी होगी जिससे राज्य के खजाने पर 82 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।