5 Dariya News

हरियाणा में गोमांस पर लगेगा पूर्ण प्रतिबंध

5 Dariya News

चंडीगढ़ 14-Mar-2015

हरियाणा सरकार राज्य में किसी भी रूप में गोमांस की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाएगी। एक मंत्री ने शनिवार को यह जानकारी दी। कृषि एवं पशुपालन मंत्री ओ. पी. धनकर ने यहां कहा, "प्रतिबंध पैक गो मांस पर भी लागू रहेगा। राज्य में पूर्व की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में यह वैधानिक था। राज्य सरकार गो वध पर पूर्व प्रतिबंध लगाने के लिए कठोर कानून तैयार करने में व्यस्त है और इसे हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में पेश किया जाएगा।"मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को विधानसभा में बहुमत है और प्रस्तावित विधेयक के कानून में तब्दील होने की पूरी उम्मीद है। धनकर ने कहा कि 'गौ संरक्षण एवं गौ संवर्धन' कानून विभिन्न राज्यों में संबंधित कानून का अध्ययन करने के बाद तैयार किया जाएगा और यह और ज्यादा सख्त होगा।

उन्होंने कहा, "गोवध का दोषी पाए जाने पर 10 वर्षो की कैद का प्रावधान होगा। गोमांस ढोने वाले वाहन के चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और वाहन को जब्त कर लिया जाएगा।"धनकर ने स्पष्ट किया कि गोवध के आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 302 के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया जाएगा। राज्य की 400 गौशालाओं में करीब तीन लाख गायें हैं। इसके अलावा करीब 1.5 लाख गायें आवारा घूमती हैं और 1 लाख गायों को लोगों ने अपने घरों में पाल रखा है। उन्होंने कहा, "आवारा घूम रही 1.5 लाख गायों को रखने के लिए गौ संरक्षण स्थापित करने का प्रस्ताव है और इसके लिए भूमि की पहचान कर ली गई है। गौ संरक्षण या अभयारण्य राजस्थान के किसी भी सीमावर्ती जिले में स्थापित किया जा सकता है।"