5 Dariya News

पेट्रोल पर वैट बढ़ोत्तरी जनविरोधी : भूपेन्द्र सिंह हुड्डा

5 Dariya News

चंडीगढ़ 12-Feb-2015

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा सरकार द्वारा पेट्रोल पर वैट की दरों में 5 प्रतिशत बढ़ोत्तरी की कठोर शब्दों में निंदा करते हुए इसे जनविरोधी करार दिया है। उन्होंने इस फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि दिल्ली की हार के बाद भाजपा की हरियाणा सरकार ने गुस्से में आकर यह फैसला किया है। श्री हुड्डा ने पूछा कि दिल्ली में भाजपा की हार की सजा हरियाणा की जनता को क्यों दी जा रही है? पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार ने दो महीनों में चार बार उत्पाद शुल्क में बढ़ोत्तरी की तथा हरियाणा सरकार भी बार-बार वैट में बढ़ोत्तरी कर रही है। इस प्रकार भाजपा नीत ये दोनों सरकारें अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में आयी गिरावट का लाभ देने की बजाये आम जनता पर दोहरी मार कर रही हैं।उन्होंने आगे कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में पिछले कुछ समय से कच्चे तेल की कीमतों में इतनी गिरावट आयी है कि यदि भारत सरकार तथा हरियाणा सरकार बार-बार वैट, उत्पाद शुल्क तथा सरचार्ज नहीं बढ़ाती तो आज जनता को डीजल 20 रुपये लीटर और पेट्रोल 25 रुपये लीटर की दर पर आसानी से मिलता। इस भाव में पेट्रोलियम कंपनियों को भी आज के दिन कोई घाटा नहीं होता। श्री हुड्डा ने कहा जब वह हरियाणा के मुख्यमंत्री थे तो प्रदेश में डीजल तथा पेट्रोल पर अन्य प्रदेशों से कम वैट लगता था, जिससे यहां तेल दूसरे राज्यों से सस्ता मिलता था। यही कारण था कि पड़ोसी राज्यों के लोग भी हरियाणा आकर डीजल, पेट्रोल लेते थे। उस समय जब वे दिल्ली जाते थे तो बार्डर पर हरियाणा के पेट्रोल पंपों पर यह लिखा होता था कि ‘यहां दिल्ली से सस्ता तेल मिलता है।’ जब से हरियाणा में सरकार बदली है बार्डर के पेट्रोल पंपों के बैनर भी बदल गये हैं। अब दिल्ली के पेट्रोल पंपों पर लिखा होता है कि ‘यहां हरियाणा से सस्ता तेल मिलता है।’