दिल्ली के चुनावी नतीजे हरियाणा सरकार के लिए चेतावनी: डॉ. अजय चौटाला
5 Dariya News
चंडीगढ़ 12-Feb-2015
इनेलो के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद डॉ. अजय सिंह चौटाला ने दिल्ली विधानसभा चुनावों के नतीजों के संदर्भ में कहा कि हरियाणा की मौजूदा सरकार जो कृषि प्रधान प्रदेश को चला रही है उसके लिए भी ये परिणाम एक चेतावनी हैं। इनेलो नेता ने कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार गरीब के हकों की अनदेखी न करे अन्यथा ये जनता उन्हें भी सही और गलत का फर्क बता देगी।डॉ. अजय सिंह चौटाला ने दिल्ली विधानसभा के नतीजों पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा कि इन चुनाव परिणामों ने दुनियाभर में भारत की साख बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि जनता के आक्रोश के आगे सत्ता का अहंकार रेत बन जाता है। उन्होंने अपनी ओर से व हरियाणा की जनता और इनेलो की ओर से दिल्ली में बनने वाली आप के नेतृत्व वाली नई सरकार को शुभ कामनाएं देते हुए कहा कि दिल्ली के मतदाताओं ने इस चुनाव में जो किया है वो इतिहास बन गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि वे भारतीय राजनीति का एक हिस्सा हैं। डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि स्वतंत्र मतदान और मतदाता का मन ये दोनों ही भारतीय लोकतंत्र के अनूठे गहने हैं।