कश्मीर में अत्यधिक बल प्रयोग से बचें : एमनेस्टी
5 Dariya News
श्रीनगर 11-Feb-2015
मानवाधिकार समूह एमनेस्टी इंटरनेशनल ने बुधवार को सुरक्षा बलों से कहा कि वे जम्मू एवं कश्मीर में प्रदर्शनकारियों पर अत्यधिक बल प्रयोग से बचें। एमनेस्टी इंटरनेशनल (एआई) इंडिया के कार्यक्रम निदेशक शिमिर बाबू ने एक बयान में कहा, "बारामूला जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा बीते नौ फरवरी को निहत्थे प्रदर्शनकारियों, जिनमें से कुछ पथराव कर रहे थे, पर गोलीबारी से फारूक अहमद नामक 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई।"बयान के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब मोहम्मद अफजल गुरु की फांसी की दूसरी सालगिरह मनाने के लिए प्रदर्शनकारियों ने कर्फ्यू की अवहेलना की और जम्मू एवं कश्मीर में विभिन्न कस्बों में प्रदर्शन किया। बयान में कहा गया, "जम्मू एवं कश्मीर में सुरक्षा बलों के कर्मियों को प्रदर्शनकारियों से निपटते समय अत्यधिक बल प्रयोग से बचना चाहिए।"जम्मू एवं कश्मीर पुलिस ने कहा है कि वह इस मामले की आपराधिक जांच करेंगे। अधिकारियों ने दंडाधिकारी द्वारा जांच के आदेश दे दिए हैं।