5 Dariya News

किरण बेदी से मिलीं सीतारमण, जीत की उम्मीद जताई

5 Dariya News

नई दिल्ली 08-Feb-2015

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता निर्मला सीतारमण ने रविवार को दिल्ली में पार्टी की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी से उनके आवास पर मुलाकात की। उन्होंने इसके बाद संवाददाताओं से कहा कि उन्हें दिल्ली चुनाव में जीत का भरोसा है। सीतारमण ने किरण के आवास के बाहर संवाददाताओं से कहा, "हम चुनाव परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। हमें जीत की उम्मीद है।"70 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शनिवार को हुआ। मतगणना 10 फरवरी को होनी है। मतदान बाद के अधिकांश सर्वेक्षणों में हालांकि, अरविंद केजरीवाल नीत आम आदमी पार्टी (आप) की जीत का अनुमान व्यक्त किया गया है। सर्वेक्षण के अनुसार, भाजपा दूसरे और कांग्रेस तीसरे स्थान पर रहेगी।मतदान बाद के सर्वेक्षणों को देखते हुए किरण ने शनिवार शाम कहा था कि अगर दिल्ली में पार्टी की हार होती है तो वह इसकी जिम्मेदारी लेंगी। 

उनके इस बयान के बारे में पूछे जाने पर सीतारमण ने कहा, "उन्होंने अपनी निजी राय जाहिर की है, लेकिन हमें उम्मीद है कि परिणाम हमारे पक्ष में जाएंगे।"सर्वेक्षणों के अनुसार, आप को 31 से 54 के बीच सीटें मिल सकती हैं, जबकि भाजपा को 17 से 35 सीटें मिलने की संभावना है। लगातार 15 वर्षों तक दिल्ली में सत्ता में रह चुकी कांग्रेस के बारे में सर्वेक्षण में कहा गया है कि या तो इसे चार सीटें मिलेंगी या फिर उसका खाता भी नहीं खुलेगा। गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने विधानसभा में दिल्ली जन लोकपाल विधेयक पारित न करा पाने की स्थिति में महज सत्ता संभालने के 49 दिन बाद ही 14 फरवरी, 2014 को इस्तीफा दे दिया था। राज्य में 17 फरवरी से राष्ट्रपति शासन लागू था और करीब एक साल बाद चुनाव कराए गए हैं।