गर्मियों से पहले दुरुस्त करो थर्मल की खामियां: दुष्यंत चौटाला
सांसद चौटाला ने किया खेदड़ थर्मल प्लांट का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
5 Dariya News
हिसार 31-Jan-2015
हिसार लोकसभा क्षेत्र से सांसद दुष्यंत चौटाला ने खेदड़ थर्मल प्लांट के अधिकारियों के निर्देश दिए हैं कि गर्मियों से पहले प्लांट की सभी तकनीकी व अन्य खामियों को दुरुस्त किया जाए ताकि जरूरत के मुताबिक बिजली उत्पादन हो सके और प्लांट की यूनिटें वक्त बेवक्त ठप ना हों। सांसद दुष्यंत चौटाला खेदड़ थर्मल प्लांट के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से बातचीत कर रहे थे। इससे पूर्व थर्मल प्लांट पहुंचने पर प्लांट के चीफ इंजीनियर तरूण चौधरी और अधीक्षक अभियंता योगेश भारी ने सांसद चौटाला का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशासनिक भवन, कोयला यूनिट और मशीनों सहित प्लांट की पूरी व्यवस्था का निरीक्षण किया। सांसद चौटाला ने कहा कि अक्सर बिजली की जरूरत के समय थर्मल की दोनों यूनिटों में से कोई न कोई ठप पड़ जाती है। जिससे लोगों को जरूरत के मुताबिक बिजली नहीं मिल पाती और उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। अधिकारियों ने भी सांसद चौटाला को थर्मल की बिजली उत्पादन प्रक्रिया के बारे में संक्षेप में जानकारी दी और उन्हें तकनीकी पहलुओं के बारे में बताया। सांसद चौटाला ने निर्देश देते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था करो कि गर्मियों में ये यूनिटें ठप ना हों। अगर इसके लिए उन्हें कोयले या अन्य किसी भी प्रकार की जरूरतें हो तो वे लिखित में उन्हें दे। वे इन जरूरतों की पूर्ति के लिए संबंधित केंद्रीय मंत्रियों से मिलकर उन्हें पूरी कराने में सहयोग करेंगे। इस मौके पर उनके साथ उकलाना के विधायक अनूप धानक और बरवाला के विधायक वेद नारंग भी मौजूद थे।
साबरवास स्कूल के बच्चे पियेंगे शुद्ध पानी: हिसार संसदीय क्षेत्र के गांव साबरवास के सरकारी स्कूल के बच्चे अब शुद्ध पानी पियेंगे। सांसद चौटाला ने अपने धन्यवादी दौरे के दौरान स्कूल में वाटर कूलर व आरओ लगाने के लिए एमपी कोटे से एक लाख रुपए दिए जाने की घोषणा की थी। जिनका उन्होंने शनिवार को स्कूल पहुंचकर विधिवत रूप से उद्घाटन भी किया। विदित हो कि चुनावों के बाद धन्यवादी दौरे के दौरान साबरवास गांव के लोगों ने सांसद चौटाला के समक्ष स्कूल में अशुद्ध पानी की शिकायत की थी। ग्रामीणों का कहना था कि गंदा पानी पीने से स्कूल के बच्चे अक्सर बीमार हो जाते हैं। ग्रामीणों की इस समस्या को देखते हुए सांसद चौटाला ने स्कूल में आरओ व वाटर कूलर लगाने के लिए एक लाख रुपए की ग्रांट मंजूर की थी। शनिवार को गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने सांसद चौटाला का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनका आभार जताया कि अब बच्चों को पीने के पानी की कोई समस्या नहीं रहेगी। इसके लिए पूरा गांव उनका आभारी है।