5 Dariya News

पंजाब की सड़क परियोजनाओं को लेकर गडकरी से मिले कमल शर्मा

केंद्र द्वारा स्वीकृत 18000 करोड़ की परियोजना के लिए आभार जताया

5 Dariya News

नई दिल्ली 28-Jan-2015

पंजाब की सड़क परियोजनाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमल शर्मा ने आज केंद्रीय भूतल परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडगरी से भेंट की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन दे राज्य में नई सड़क परियोजनाएं शुरू करने और पहले से स्वीकृत परियोजनाओं को क्रियान्वित करने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने उनकी मांगों पर सहानूभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। भाजपा अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री को पंजाब की सड़कों के विकास के लिए शुरू की गई 18000 करोड़ की नई परियोजनाओं के लिए भी उनका आभार जताया। इस अवसर पर उनके साथ केंद्रीय मंत्री श्री विजय सांपला भी उपस्थित थे।केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी को दिए ज्ञापन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री कमल शर्मा ने कहा कि अमृतसर-जालंधर से कांडला बंदरगाह के मार्ग पर स्थित होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 95 पर स्थित सीमावर्ती नगर फिरोजपुर में यातायात की आवाजाई अत्यधिक है। फिरोजपुर शहर व फिरोजपुर छावनी के बीच संकीर्ण रेलवे पुल होने के कारण यहां यातायात जाम की स्थिति बनी रहती है। अगर फिरोजपुर के बाहर गुलाम हुसैन शाहवाला, दुलचिके, साबूआना (सतलुज नदी पर बने बांध से होते हुए), शुक्र नाला, बग्गेके पिप्पल, बग्गे के खुर्द से होते हुए सांदे शाम के रास्ते राजकीय राजमार्ग 20 से बाईपास बना दिया जाए तो यातायात की समस्या को काफी सीमा तक हल किया जा सकता है।

एक अन्य ज्ञापन में भाजपा अध्यक्ष श्री कमल शर्मा ने बताया कि देश के विभाजन से पहले फिरोजपुर-अमृतसर के बीच बारास्ता कसूर, खेमकरण व तरनतारन रेल संपर्क था लेकिन विभाजन के बाद इन नगरों से यह सुविधा छिन गई। अमृतसर में श्री हरिममंदिर साहिब, दुग्र्याना मंदिर तीर्थों का तीर्थाटन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। ये श्रद्धालु फिरोजपुर से हरिके-जीरा व तरनतारन होते हुए अमृतसर पहुंचते हैं। लोग इस मार्ग पर आने जाने के लिए मक्खू-मल्लांवाला मार्ग का ही इस्तेमाल करने को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन इस मार्ग की चौड़ाई मात्र 5.50 मीटर होने के कारण यहां यातायात जाम की समस्या रहती है। अगर इस मार्ग की चौड़ाई बढ़ा कर 10 मीटर कर दी जाए तो तीर्थ यात्रियों के साथ-साथ व्यवसायिक वाहनों को इससे काफी सुविधा मिलेगी और आवागमन सुचारू होगा। भाजपा अध्यक्ष श्री कमल शर्मा ने केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी को पहले से ही स्वीकृत तलवंडी भाई रोड को फोर लेन करने और पंजाब की लंबित परियोजनाओं को शीघ्र क्रियान्वित करने का आग्रह किया ताकि यहां के निवासियों को सुगम यातायात परिवहन की सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।