केंद्रीय मंत्री गडकरी ने 18 हज़ार करोड़ रुपये के सड़क प्रोजेक्ट पंजाब के लिये घोषित
वर्ष के अंत तक कार्य आरंभ करवा दिये जायेंगे-गडकरी
5 दरिया न्यूज
बठिंडा 22-Jan-2015
केंद्रीय सड़क यातायात, राजमार्ग और जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने आज पंजाब के सड़कीय आधारभूत ढांचे को और मज़बूत करते हुये 18000 करोड़ रुपये के 800 कि.मी सड़कें राज्य में बनाने का एलान किया है। यह एलान उन्होंने आज बठिंडा -चंडीगढ़ मार्ग को चौ-मार्गी करते हुये 7 प्रोजेक्टों का नींव पत्थर रखने के दौरान किया। इस अवसर पर उन्होंने भारी जनसमूह को संबोधित करते हुये कहा कि मुख्यमंत्री स. प्रकाश सिंह बादल की सभी मांगे मानते हुये राज्य में 18000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट इस वर्ष के दौरान आरंभ कर दिये जायेंगे। आज घोषित किये गये प्रोजेक्टों में 400 कि.मी के नये राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण भी शामिल है। गडकरी ने कहा कि केंद्र द्वारा देश की 101 नदियों और दरियाओं में जल परिवहन चलाया जायेगा जिसमें पंजाब के सतलुज और ब्यास नदी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि चीन में 44 प्रतिशत यातायात नहरी के दरियाई पानी द्वारा चलता है, जबकि भारत में यह संख्या केवल 3.3 प्रतिशत है। उनहोंने कहा कि देश में जल परिवहन को बढ़ाने से कम प्रदूषण और कम खर्चे पर सफर हो सकता है। उन्होंने कहा कि अमृतसर-बठिंडा 3800 करोड़ रुपये, जालंधर-मोगा 1500 करोड़ रुपये, मोगा - बरनाला 500 करोड़ रुपये, जालंधर -होशियारपुर (हिमाचल सीमा तक), 1000 करोड़ रुपये खरड़-कुराली 300 करोड़ रुपये, रोपड़ -फगवाड़ा 1000 करोड़ रुपये, लादोवाल -लुधियाना 315 करोड़ रुपये, अमृतसर -बाघा बार्डर तक 255 करोड़ रुपये और समराला चौंक से लुधियाना एक हजार करोड़ रुपये की लागत से बनाई जायेंगी।
इससे पूर्व पंजाब के उपमुख्यमंत्री स. सुखबीर सिंह बादल ने संबोधित करते हुये कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में 5 नये रेलवे ओवर ब्रिज बनाये जा रहें हैं, जिनमें बठिंडा-कोटकपूरा, फरीदकोट में तलवंडी रोड़, बठिंडा-डबवाली रोड, बरनाला के समीप बाजाखाना रोड और अमृतसर -तरनतारन रोड के आर औ बी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग विकास कार्यो को प्राथमिकता देते हैं, जिसका सबूत यहां भारी जनसमूह से मिलता है। परंतु दूसरी तरफ कांग्रेस द्वारा अमृतसर में रखी ललकार रैली रद्द करना, इस बात का संकेत है कि वह बारिश को बहाना बना रहें हैं।
बादल ने कहा कि आने वाली बैसाखी के पवित्र दिवस पर श्री नितिन गडकरी द्वारा पंजाब के विकास के लिये और भी बड़े प्रोजेक्ट लाये जायेंगे। आज घोषित किये गये नये राष्ट्रीय मार्ग संबंधी उन्होंने कहा कि तख्त श्री दमदमा साहिब को राष्ट्रीय मार्ग से जोड़ा जायेगा जिस तहत 155 कि.मी सड़क मुद्दकी से तख्त श्री दमदमा साहिब बनाई जायेगी। इनमें चंडीगढ़-लुधियाना के चौ मार्गीय प्रोजेक्ट और बठिंडा से अमृतसर चौ-मार्गीय करना शामिल है। उनहोंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पंजाब के सभी खालो को पक्का करने के लिये 900 करोड़ रुपये प्रोजेक्ट भी आरंभ किये जा रहें हैं। केंद्रीय मंत्री श्री विजय सांपला ने संबोधित करते हुये कहा कि पंजाब में हो रहे विकास से साबित होता है कि शिरोमणि अकाली दल -भाजपा का गठजोड़ अधिक मज़बूत होता जा रहा है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पंजाब प्रधान श्री कमल शर्मा, राज्य सभा सदस्य श्री बलविंदर सिंह भूंदड़, लोक निर्माण मंत्री श्री जनमेजा सिंह सेखों और ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री श्री सिकंदर सिंह मलूका ने भी संबोधित किया। गड़करी द्वारा आज बहु-करोड़ीय प्रोजेक्ट के रखे नींव पत्थर में 7 हाई-वे प्रोजेक्ट शामिल हैं जिनमें पटियाला बाई-पास चौ-मार्गी (279.68 करोड़) संगरूर से धनौला बाईपास (319.80 करोड़), पटियाला से संगरूर चौ मार्गीय (486.75 करोड़), संगरूर से तपा चौ मार्गीय (483.38 करोड़), तपा से बठिंडा चौ मार्गीय (620.28 करोड़), संगरूर से दोगाल कलां चौ मार्गीय (546.43 करोड़) और दौगाल कलां से पंजाब -हरियाणा बार्डर तक चौ मार्गी (605.35 करोड़) शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव श्री सरूप चंद सिंगला और श्री बलबीर सिंह घुन्नस, क्षेत्र विधायक श्री जीत महिंद्र सिंह सिद्धू और प्रमुख नेता और उच्च अधिकारी उपस्थित थे।