5 Dariya News

पंजाब का राजनीतिक वातावरण भाजपा के अनुकूल, लाभ उठाएं : कमल शर्मा

कहा, अब तक 9 लाख सदस्य बने, 21 का लक्ष्य पूरा करने का संकल्प

5 दरिया न्यूज

फगवाड़ा 09-Jan-2015

पंजाब का वर्तमान राजनीतिक वातावरण भारतीय जनता पार्टी के अनुकूल है और हमें अधिक से अधिक परिश्रम कर पार्टी हित में इसका लाभ उठाना होगा। यह विचार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमल शर्मा ने यहां बुलाई गई पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। श्री शर्मा ने बताया कि पिछले डेढ़ महीने के दौरान प्रदेश में 9 लाख सदस्य भाजपा के साथ जुड़े हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि 31 मार्च तक पार्टी 21 लाख सदस्यों का लक्ष्य प्राप्त कर लेगी। भाजपा अध्यक्ष श्री कमल शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए नशा कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि यह राष्ट्रीय एकता-अखण्डता और सुरक्षा से जुड़ा मसला है। पार्टी इस मुद्दे पर पूरी तरह गंभीर है और इस पर कोई रियायत नहीं बरतने वाली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के जरिए नशे की गंभीरता पर चिंता जता चुके हैं और अमित शाह ने भी स्पष्ट कर दिया है कि केवल पंजाब ही नहीं बल्कि देशभर में कहीं भी नशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश में चल रहे सदस्यता अभियान की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता अपने अनुकूल बने वातावरण का लाभ उठाएं और समाज के हर वर्ग से संपर्क कर उन्हें पार्टी की विकासात्मक नीतियों के साथ जोड़ें। 

22 जनवरी को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के नेतृत्व में अमृतसर में होने जा रही नशों के खिलाफ जनजागृति रैली की तैयारी के बारे में बोलते हुए पार्टी के राष्ट्रीय सचिव श्री तरुण चुग ने पार्टी के हर प्रकोष्ठ विशेषकर भारतीय जनता युवा मोर्चा को कहा है कि वह इसके लिए जनसंपर्क अभियान चलाएं और लोगों को बताएं कि किस प्रकार नशे की बीमारी समाज को खोखला कर रही है। पार्टी कार्यकर्ता लोगों को नशों के खिलाफ लामबंद करें। उन्होंने कहा कि अमित शाह की अमृतसर रैली एतिहासिक होगी।प्रदेश उपाध्यक्ष व पंजाब सदस्यता अभियान के इंचार्ज श्री विनोद शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा 10 और 11 जनवरी को प्रदेश के हर बूथ पर सदस्यता अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर आम जनता को भाजपा के साथ जोडऩे का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि इन दो दिनों में पंजाब भाजपा ने रिकार्ड सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। अपने संबोधन में पार्टी के महासचिव श्री राकेश राठौर ने पदाधिकारियों व पार्टी नेताओं से जनता को यह बताने को कहा कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए नगरों व महानगरों में भाजपा की कमेटियां बननी आवश्यक हैं इससे ही प्रदेश का विकास हो पाएगा। 

बैठक में 22 जनवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा नशों के खिलाफ अमृतसर में की जाने वाली रैली, अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में भाजयुमो द्वारा 23 जनवरी से 2 फरवरी तक नशों के खिलाफ जनजागृति यात्रा, राज्य में होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव, नशे की समस्या, प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियों सहित अन्य विषयों पर गहन विचार मंथन हुआ।बैठक में केंद्रीय मंत्री श्री विजय सांपला, भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री व गुजरात के विधायक श्री हर्ष सिंघवी, कैबिनेट मंत्री श्री अनिल जोशी, श्री मदन मोहन मित्तल, श्री चुनी लाल भगत, श्री सुरजीत कुमार ज्याणी, मुख्य संसदीय सचिव श्री सोमप्रकाश , श्री केडी भंडारी, विधानसभा के उपाध्यक्ष श्री दिनेश बब्बू, विधायक श्री मनोरंजन कालिया, पंजाब भाजपा के पूर्व प्रधान व विधायक श्री अश्वनी शर्मा, श्री बृृज लाल रिणवा, प्रो. रजिंदर भंडारी, श्री तीक्ष्ण सूद, पार्टी के महासचिव श्री जगतार सिंह सैनी, सचिव डा. सुभाष शर्मा, भाजयुमो के पंजाब अध्यक्ष श्री मोहित गुप्ता सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।