5 Dariya News

नितिन गडकरी ने नई दिल्‍ली के तुगलकाबाद में पावरग्रिड के 400/220 केवी उप-केन्‍द्र की आधारशिला रखी

5 दरिया न्यूज

नई दिल्ली 06-Jan-2015

केन्‍द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग और शिपिंग मंत्री नितिन गडकरी ने आज दिल्‍ली के तुगलकाबाद में पावरग्रिड के 2000 एमवीए क्षमता वाले 400/220 केवी उप-केन्‍द्र की आधारशिला रखी। केन्‍द्रीय बिजली, कोयला और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पीयूष गोयल ने इस समारोह की अध्‍यक्षता की। सांसद रमेश बिधुरी, बिजली मंत्रालय के वरिष्‍ठ अधिकारी, दिल्‍ली के बिजली विभाग और पावरग्रिड के अधिकारीगण भी इस समारोह में उपस्थित थे। 

इस अवसर पर नितिन गडकरी ने पावरग्रिड की मदद से दिल्‍ली में उप-केन्‍द्रों की स्‍थापना के लिए विद्युत मंत्रालय द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना की, जो दिल्‍ली के बिजली परिदृश्‍य को मजबूत करने में मील का पत्‍थर साबित होंगे और यहां के निवासियों को 24 घंटे उच्‍च गुणवत्ता वाली बिजली मुहैया करायेंगे। इससे दिल्‍ली की जनता को बड़ी राहत मिलेगी और आर्थिक विकास की रफ्तार तेज होगी। पीयूष गोयल ने इस अवसर पर कहा कि दिल्‍ली में विद्युत प्रणाली को मजबूत करने के लिए सरकार द्वारा विभिन्‍न परियोजनाएं क्रियान्‍वित की जा रही हैं। इन योजनाओं पर अमल के बाद दिल्‍ली के निवासियों को बिजली की सप्‍लाई के लिए अपने डीजल जनरेटरों और इन्‍वर्टर पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। 

तकरीबन 500 करोड़ रुपये की लागत से दिल्‍ली में 5 लाख एलईडी लाइटें लगाई जायेंगी। ये योजनाएं दिल्‍ली में कुल बिजली खपत को कम करने में भी मददगार साबित होंगी। उन्‍होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में दिल्‍ली के उपभोक्‍ता अपनी मर्जी से अपने विद्युत सेवा प्रदानकर्ता का चयन कर सकेंगे। उपर्युक्‍त विद्युत उप-केन्‍द्र में अत्‍याधुनिक जीआईएस प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जायेगा और यह दिल्‍ली में बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने में मददगार साबित होगा। इस उप-केन्‍द्र से दक्षिण एवं दक्षिण-पूर्वी दिल्‍ली में बिजली की आपूर्ति और ज्‍यादा विश्‍वस‍नीय होगी। यह उप-केन्‍द्र मस्जिद मोड़, ओखला, महरौली, मैदानगढ़ी और बदरपुर को विद्युत कनेक्‍टिविटी मुहैया करायेगा।