5 Dariya News

घरौण्डा में रेल राज्यमंत्री ने रेलवे भूमिगत पुल का शिलान्यास किया

सांसद शर्मा की जमकर तारीफ की

5 दरिया न्यूज (प्रशांत प्रवीण कौशिक)

घरौण्डा 21-Aug-2013

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री अधीर रंजन चौधरी ने  आज जिला के कस्बा घरौंडा के रेलवे स्टेशन के पास लगभग 2 करोड रुपए की लागत से बनने वाले रेलवे आधुनिक भूमिगत पुल का शिलान्यास किया। यह आगामी 1 साल की अवधि में बनकर तैयार हो जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने करनाल के सांसद डा. अरविंद शर्मा द्वारा करनाल लोकसभा क्षेत्र की रेलवे संबंधी रखी गई सभी मांगों को पूरा करने का भी आश्वासन दिया। रेल राज्य मंत्री ने कहा कि जब भी देश के प्रान्तों की तरक्की का जिक्र होता है तो हरियाणा प्रदेश का नाम पहले स्थान पर लिया जाता है। हरियाणा ऐतिहासिक प्रदेश है। यहां की पवित्र भूमि कुरूक्षेत्र में स्वयं भगवान श्री कृष्ण ने गीता का उपदेश दिया, तो वहीं पानीपत की ऐतिहासिक भूमि में तीन युद्ध लडे गये, जिसने हिन्दुस्तान के सारे चित्र को बदल दिया था। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुडडा ने तरक्की के मामले में जहां प्रदेश का नाम देश में उंचा किया है, वहीं करनाल के सांसद अरविंद शर्मा ने अपने लोकसभा क्षेत्र के लोगों की सेवा करके उनके दिलों में जगह बनाई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा हिन्दुस्तान का वह प्रदेश है, जहां के ग्रामीण क्षेत्र में देश के अन्य प्रदेशों की अपेक्षा सबसे अधिक करोडपति लोग रहते हैं। उन्होंने कहा कि करनाल के सांसद अरविंद शर्मा अपने लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिए हर समय प्रयत्नशील रहते हैं। इन्होंने रेलवे मंत्रालय में नीलोखेडी, घरौंडा, करनाल, पानीपत, समालखा, इसराना व तरावडी स्टेशनों के विकास, विभिन्न गाडियों के ठहराव, आधुनिक अंडर पास पुलों इत्यादि के निर्माण करवाने के अनेक आवेदन दिये हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे मंत्रालय मुख्यमंत्री हरियाणा तथा डा. अरविंद शर्मा की मांग पर हरियाणा में रेलवे सुविधाओं को बढ़ाने में पहल करेगा। उन्होंने सांसद की मांगों का जवाब देते हुए कहा कि जो पैसेंजर गाडी दिल्ली से चलकर पानीपत जाती है, उसे कुरूक्षेत्र तक चलाने की कार्यवाही रेलवे बोर्ड में चल रही है, उम्मीद है यह पूरी हो जाएगी। घरौंडा रेलवे स्टेशन की परिधी में रेलवे की खाली जमीन पर जोहड का रूप ले चुके स्थल को पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो मांग घरौंडा के लोगों ने सांसद के माध्यम से मांगी है, उन्हें शीघ्र पूरा किया जाएगा। वह भविष्य में दोबारा जब भी घरौंडा आएंगे, तो घरौंडा क्षेत्र की जनता के लिए खाली हाथ नहीं आएंगे। मंत्री ने कहा कि आपके सांसद ने जो भूमिगत रेलवे ब्रिज फुरलक रोड पर बनाने की मांग रखी है, यह अपने आप में अलग प्रकार का ब्रिज होगा। इसकी उंचाई सीमित होगी। इस पुल के नीचे से ट्रक, बस इत्यादि बडे वाहन भी आसानी से क्रास हो सकेंगे। इससे पूर्व करनाल के सांसद डा.अरविंद शर्मा ने रेल राज्य मंत्री अधीर रंजन चौधरी का स्वागत करते हुए उन्हें रेलवे मंत्रालय में इस क्षेत्र की ओर से भेजी गई लंबित मांगों की याद दिलाई और कहा कि हरियाणा जो कईं मायनों में देश में एक अहम स्थान रखता है, उसके तहत घरौंडा सहित विभिन्न क्षेत्रों में रेलवे सुविधाएं बढ़ाई जाएं। करनाल संसदीय क्षेत्र में आने वाले समालखा, पानीपत, घरौंडा, नीलोखेडी, तरावडी जैसे स्टेशनों के पास अंडर ब्रिज बनाए जाएं। करनाल व पानीपत रेलवे स्टेशन जो माडल रेलवे स्टेशन घोषित किए गए हैं, पर माडल स्टेशन की सभी सुविधाएं पूरी करवाई जाएं। इन स्टेशनों के अतिरिक्त धार्मिक व व्यापारिक दृष्टि से दिल्ली, चण्डीगढ़ और अमृतसर तक जाते हैं, इसलिए गाडियों विशेषकर हिमालय क्वीन, उंचाहार, बटिंडा एक्सप्रेस का उपरोक्त स्टेशनों पर ठहराव करवाया जाए। इसी प्रकार स्वर्ण शताबदी एक्सप्रेस- चण्डीगढ़ बांद्रा एक्सप्रेस का ठहराव करनाल-पानीपत में करवाया जाए। इस क्षेत्र के युवाओं को रेलवे मंत्रालय में अधिक से अधिक नौकरियों के अवसर भी दिये जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुडडा के प्रयासों से देश के प्रधानमंत्री सरदार मनमोहन सिंह व यु.पी.ए. की चेयरपर्सन सोनिया गांधी  ने हरियाणा के साथ सहयोग का रवैया अख्तयार करते हुए करनाल में घरेलू हवाई अडडा बनाने की मंजूरी दे दी है। इससे करनाल क्षेत्र का नाम अन्तर्राष्ट्रीय नक्शे पर चमकेगा।सांसद ने कहा कि आज जिस भूमिगत ब्रिज का रेल राज्य मंत्री ने शिलान्यास किया है। इससे क्षेत्र के करीब 50 गांवों के लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। किसानों को मंडी में अपनी उपज लाने में आसानी होगी, स्कूली बच्चों की बसें समय पर स्कूल जाएंगी और लाईन के दोनो तरफ आने-जाने वाले लोगों के समय की बचत होगी। उन्होंने कहा कि उनकी यह भी मांग है कि कोहंड फाटक पर भी ऐसा ही पुल बने। इससे क्षेत्र के करीब 30 गांवों के लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। इन पुलों के बनने से लोगों को रेलवे क्रासिंग से निजात मिलेगी। इस मौके पर दिल्ली मंडल के रेलवे प्रबंधक अनुराग सचान ने बताया कि घरौंडा रेलवे स्टेशन के पास समपार संख्या 63 पर भूमिगत पुल के शिलान्यास से इस क्षेत्र के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। रेलवे लाईन अधिक व्यस्त होने के कारण प्रतिदिन 200 बार फाटक को बंद किया जाता था, जिससे लोगों को परेशानी होती थी। इसलिए यहां पर सांसद की मांग पर  पुल का निर्माण शीघ्र ही शुरू हो जाएगा, जिसके टैंडर हो चुके हैं और यह पुल 1 साल में बनकर पुरा हो जाएगा। इस अवसर पर करनाल के अतिरिक्त उपायुक्त गिरीश अरोडा, एस.डी.एम. मुकुल कुमार, तहसीलदार हरीओम अत्री व निर्मला दहिया, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जोगी राम पांचाल,कांग्रेस के शहरी प्रधान सुरेश भारद्वाज, ऑल इण्डिया आरटीआई सोसाईटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व समाज कल्याण कल्ब के प्रदेशाध्यक्ष प्रवीण कौशिक सोसाईटी के राष्ट्रीय महासचिव व कल्ब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेन्द्र पांचाल, कल्ब के प्रदेश महासचिव व अखिल भारतीय ब्राहमण मंच के राष्ट्रीय महासचिव सुरेन्द्र शर्मा, कमल भारद्वाज, कल्ब ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीन प्रजापत,रमेश चौधरी, सुखपाल संधू, सुभाष शर्मा, राजिन्द्र कल्याण व निर्मल कल्याण, बीर सिंह पाल, सतेन्द्र गांधी, रेलवे कर्मचारी युनियन के प्रधान रणधीर सिंह, वाजिद अली, श्याम लाल, कृष्ण लाल, वेदपाल परासर, अमरजीत धीमान भी उपस्थित थे। 

झलकिया

1. रेलवे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा

आयोजको ने रेलवे परिसर के अन्दर आने-जाने के रास्ते पर भी लोगों के बैठने के लिये कुर्सियां लगा रखी थी जिससे रेलवे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

2. पुलिस कर्मी भी अपनी ड्यूटी छोड़ फोटो खिंचने में मस्त हो गया था।

3. मंत्री व सांसद को पगड़ी से सम्मानित करने से पूर्व उन पगड़ियों को कांग्रेसी नेता नैनपाल राणा व मार्किट कमेटी के पूर्व चैयरमैन सुखपाल सन्धु पहने हुए थे जो बाद में उन्होने मंत्री व सांसद को पहनाई

4. मंच पर भी अव्यवस्था का आलम था

5. प्रैस गैलरी की व्यवस्था नही की गई थी पत्रकारों को बैठने तक की जगह नही मिली।

6. सुबह से ही लोग मंत्री की इंतजार में कड़ी धुप में बैठे रहे ओर निर्धारित समय के लगभग 3 घन्टे लेट पहुंचे।

7.घरौंडा में वर्षो बाद क्षेत्र के सभी कांग्रेसी नेता एक मंच पर नजर आए।

8. समारोह में आम आदमी कम रेलवे कर्मचारी,स्थानीय प्रशासन व नेता टाईप लोग ज्यादा थे।

9. मंत्री महोदय ने सांसद महोदय की जमकर प्रशंसा की।

10. सांसद के भाषण पर तालियों से पांडाल गूंज उठा।

11. कडी गर्मी के कारण लोग पसीने से तरबतर थे।

12. स्थानीय नेताओं में मंत्री के साथ फोटो खिचवाने की होड लगी हुई थी एक महोदय तो लोगों द्वारा दिये गए ज्ञापन के समय भी बीच में घुस गए थे।

13. भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने मण्डी प्रधान के तौर पर मंत्री महोदय का स्वागत मंच पर किया।