5 Dariya News

कश्मीर में एनसी को समर्थन का पीडीपी का प्रस्ताव

5 दरिया न्यूज

श्रीनगर 26-Dec-2014

जम्मू एवं कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि नेशनल कांफ्रेंस (एनसी) ने राज्य में सरकार गठन के लिए पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) को समर्थन की पेशकश की है, लेकिन इस बारे में कोई लिखित वादा नहीं किया है। उमर ने कहा, "लगता है कि पीडीपी एनसी के समर्थन का एक पत्र लीक करके भाजपा के साथ कोई खिचड़ी पका रही है, जबकि ऐसा कोई पत्र है ही नहीं।" उमर ने ट्वीट में लिखा है, "सिर्फ मौखिक रूप से समर्थन की पेशकश की गई है।"यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब उन खबरों को लेकर एनसी में एक मामूली विद्रोह की स्थिति पैदा हो गई है, जिसमें कहा गया है कि एनसी भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाने की कोशिश में लगी हुई है। 

एनसी के प्रवक्ता जुनैद अजीम मट्ट ने आईएएनएय से कहा कि उनकी पार्टी ने उमर की तरफ से तीन दिन पहले दिए गए एक बयान के जरिए पीडीपी को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा, "प्रस्ताव की पुष्टि के लिए किसी लिखित पत्र की आवश्यकता नहीं है।"उन्होंने आगे कहा, "उमर साहिब की ओर से दिया गया बयान पर्याप्त है, और यह अब पीडीपी के ऊपर निर्भर करता है कि वह इस प्रस्ताव को स्वीकारे या न स्वीकारे। यह उनके ऊपर है कि वे क्या चाहते हैं।"87 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिल पाया है। पीडीपी 28 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है, जबकि भाजपा 25 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर है। एनसी को 15 तथा कांग्रेस को 12 सीटें प्राप्त हुई हैं। बाकी सात सीटें अन्य छोटे दलों व निर्दलीयों के खाते में गई हैं।