5 Dariya News

कश्मीर सरकार गठन में भाजपा की भूमिका अहम : अरुण जेटली

5 दरिया न्यूज

जम्मू 25-Dec-2014

केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार को कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में सरकार गठन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और इस पर फैसला पार्टी अध्यक्ष अमित शाह लेंगे। नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों के साथ यहां एक बैठक में हिस्सा लेने के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि पार्टी ने राज्य में बढ़िया प्रदर्शन किया है।उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्य की 87 में से 76 सीटों पर चुनाव लड़ा और सर्वाधिक मत प्रतिशत पाया। जम्मू क्षेत्र में पार्टी को जबर्दस्त जनादेश मिला। उल्लेखनीय है कि भाजपा देश के इस सीमांत उत्तरी राज्य में 'मिशन 44+' के साथ चुनाव में उतरी थी, मगर कामयाब नहीं हो पाई। पार्टी को 25 सीटें ही मिलीं।जेटली ने कहा, "किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला। हमें सर्वाधिक मत मिले। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने हमसे थोड़ी ही ज्यादा सीटें जीतीं।"उन्होंने कहा कि पार्टी निर्दलीय विधायकों के संपर्क में है। 

जेटली ने कहा, "राज्य में जिसकी भी सरकार बनेगी, भाजपा उसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, क्योंकि हमें सर्वाधिक मत मिले हैं।"जेटली ने कहा, "हमारे पास कई विकल्प हैं। विधानसभा में किधर बैठना है, यह विकल्प भी खुला है। सरकार कैसे बनाएं, यह विकल्प भी खुला है। इस पर फैसला लेने के लिए पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को अधिकृत किया गया है। नेता कौन होगा, इस पर भी फैसला वही लेंगे।"उल्लेखनीय है कि 87 सीटों वाले जम्मू एवं कश्मीर विधानसभा के लिए हुए चुनावों में पीडीपी 28 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आई है।