अटल को भारत रत्न का स्वागत, शहीद भगत सिंह को भी मिले भारत रत्न : अभय सिंह चौटाला
5 दरिया न्यूज (राजकुमार अग्रवाल)
कैथल 25-Dec-2014
विधानसभा में विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भारत रत्न के सर्वश्रेष्ठ हकदारों में से एक हैं और वह केंद्र के इस फैसले का स्वागत करते हैं। कैथल के पत्रकार सम्मेलन में उन्होंने कहा कि वाजपेयी के शासनकाल में करगिल युद्ध में देश की जीत और पोखरण में परमाणु परीक्षण कर उन्होंने भारत की छवि को चार चांद लगा दिए थे। उन्होंने कहा कि जब पदमश्री जैसे पुरस्कार एक समय में बहुत से लोगों को दिए जा सकते हैं तो भारत रत्न शीर्षक का सर्वोच्च सम्मान भी कई अन्य लोगों को दिया जा सकता है।
इनेलो नेता अभय चौटाला ने कहा कि अच्छा होता कि देश को आजाद करवाने के लिए बलिदान देने वाले शहीद भगत सिंह को भी मरणोपरांत यह सम्मान केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा दिए जाने की एक साथ ही घोषणा कर दी जाती। उन्होंने कहा कि यूरिया खाद की उपलब्धता के बारे में मुख्यमंत्री प्रदेश के लोगों को गुमराह कर रहे हैं। यदि पूरा खाद होता तो लोगों को लाइनों में न लगना पड़ता। नेता विपक्ष ने इस बात पर गहरी ङ्क्षचता प्रकट की है कि पुलिस थानों से खाद की पर्चियां एक खास दल के समर्थित लोगों को दी जा रही हैं। इस मौके पर पूर्व विधायक रामपाल माजरा, जिलाध्यक्ष कैलाश भगत, पूर्व विधायक तेजवीर सिंह पूंडरी व बूटा सिंह सहित कई इनेलो नेता मौजूद थे।