5 Dariya News

प्रदेश सरकार स्वामी विवेकानंद जयन्ती पर अपनी नई खेल नीति की घोषणा करेगी : मनोहर लाल

5 दरिया न्यूज

नरवाना 21-Dec-2014

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश सरकार 12 जनवरी,2015  को स्वामी विवेकानंद जयन्ती पर अपनी नई खेल नीति की घोषणा करेगी, जो खिलाडि़यों के लिए काफी फायदेमंद होगी।मुख्यमंत्री आज पंजाब के मुक्तसर जिले के बादल गांव में आयोजित पांचवी कबड्डी विश्व कप प्रतियोगिता के देर रात हुए समापन समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करने उपरान्त आज नरवाना में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा तथा पंजाब के खिलाडि़यों ने विश्व में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा है।  उन्होंने कहा कि केन्द्रीय खेल मंत्रालय अगर खेल विज्ञान एवं खेल प्रशिक्षकों के लिए समुचित सहयोग उपलब्ध करवाता है तो यहां पर एक स्पोटर्स हब विकसित किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से योग को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है और पंजाब के मुख्यमंत्री के प्रयासों से ग्रामीण आंचल के परम्परागत खेल कबड्डी को भी विश्व में व्यापक स्तर पर प्रचारित हुई हैं, जो पहले उत्तरी भारत के पंजाब एवं हरियाणा जैसे राज्यों में ही प्रचलित थी। उन्होंने कहा इन दोनों खेलों के विश्वभर में प्रचारित होने से न केवल खिलाडि़यों को बल्कि खेल प्रेमियों को भी फायदा होगा।

उन्होंने कहा कि जीत व पराजय खेल के दो पहलू होते हैं। हारे हुए खिलाडि़यों को भी अपनी हार को प्रेरणा के रूप में लेना चाहिए और अगली बार जीत के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरना चाहिए। यही खिलाडि़यों के लिए अनुशासन व खेल भावना है।एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा आज के दौर में खेलों के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि कबड्डी जैसे खेल में भी पुरूषों के साथ-साथ पाकिस्तान, न्यूजीलैण्ड, ईराक व ईरान जैसे देशों की लड़कियां भी बढ़चढ़ कर भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि कल विश्व कप जीतने वाली महिला टीम की सात खिलाड़ी हरियाणा की रही, जो हमारे लिए गौरव की बात है। खलाडि़यों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाकर उन्हे अपनी प्रतिभा को निखारने के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को पादर्शी प्रशासन उपलब्ध करवाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि 25 दिसम्बर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन सुशासन दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस दिन विशेषकर टैक्नोलोजी पर आधारित कई योजनाओं का उदघाटन करेंगे तथा आगे की योजनाओं की घोषणाएं करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने जनता की भावनाओं के साथ मजाक किया है। जबकि वर्तमान सरकार समाज के प्रत्येक तबके का विकास करने के लिए वचनबद्ध है। हमारी करनी और कथनी में कोई अंतर नहीं है। प्रदेश के लोगों को भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलवाना हमारी प्राथमिकता है। धीरे-धीरे उपलब्ध संसाधनों का समुचित प्रयोग करते हुए विकास को गति प्रदान की जाएगी।उन्होंने कहा कि घग्घर नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए हरियाणा और पंजाब दोनो राज्य कदम उठा रहे हैं। इससे नदी में प्रदुषण कम होने के साथ-साथ पानी सिचांई के लिए उपलब्ध हो सकेगा। इस कार्यक्रम के तहत पंजाब के 21 शहर तथा हरियाणा के 20 शहरों को भी प्रदूषण से मुक्ति मिल सकेगी। इस अवसर पर उपायुक्त अजित बालाजी जोशी, अतिरिक्त उपायुक्त गौरी पराशर जोशी, पुलिस अधीक्षक बदन सिंह राणा, एसडीएम सुमित कुमार, डीएसपी आदर्श दीप समेत कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।