5 Dariya News

झारखंड : पहले चार घंटे में 30 फीसदी मतदान

5 दरिया न्यूज

रांची 20-Dec-2014

झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए पांचवें व अंतिम चरण के तहत शनिवार को शुरू हुआ मतदान जारी है। प्रथम चार घंटे यानी पूर्वाह्न 11 बजे तक 30 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। एक चुनाव अधिकारी ने बताया, "पूर्वाह्न 11 बजे तक पाकुड़ में सबसे अधिक 41 फीसदी और सबसे कम गोड्डा में 27 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है।"उन्होंने बताया, "कई मतदान केंद्रों पर मतदाता बड़ी संख्या में उमड़े हैं और हमें अंतिम चरण के चुनाव में करीब 70 फीसदी मतदान की उम्मीद है।"अधिकारियों के मुताबिक, इस चरण में 208 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा, जिनमें से 16 महिलाएं हैं। 36 लाख 90 हजार 69 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे, जिनमें से 19 लाख चार हजार 11 पुरुष तथा 17 हजार, 84 लख 846 महिलाएं हैं। मतदान के लिए तीन हजार 773 केंद्र बनाए गए हैं।मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और अपराह्न तीन बजे समाप्त हो जाएगा। 

कुल मतदान केंद्रों में से 833 को अति संवेदनशील तथा 1,496 को संवेदनशील घोषित किया गया है। पांचवें चरण के लिए करीब 22,240 सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।जिन 16 सीटों के लिए शनिवार को मतदान हो रहे हैं, उनमें से सात सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।इस चरण के तहत झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की किस्मत भी तय होगी। पिछले विधानसभा चुनाव में वह दुमका से निर्वाचित हुए थे, जबकि इस बार वह दुमका के साथ-साथ बारहट से भी चुनाव लड़ रहे हैं।इससे पहले 2009 में हुए विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुको) ने इन 16 में से नौ सीटों पर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दो सीटों पर जीत हासिल की थी।इस चरण के तहत जिन अन्य प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है, उनमें झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष शशांक शेखर भोक्ता, मंत्री लॉबिन हेमब्रॉम, शिबू सोरेन की बहू व हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सचिव लुईस मरांडी तथा पूर्व मंत्री साइमन मरांडी प्रमुख हैं।