भाजपा जबरन धर्म परिवर्तन का पक्षधर नहीं : शाहनवाज हुसैन
5 दरिया न्यूज
पटना 19-Dec-2014
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने शुक्रवार को यहां कहा कि भाजपा को धर्मातरण जैसे कार्यक्रमों से कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा जबरन किसी के भी धर्म परिवर्तन करने का पक्षधर नहीं है। पटना के प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, "हम सांप्रदायिकता में नहीं, राष्ट्रवाद में विश्वास करते हैं। गैर हिन्दुओं की 'घर वापसी' में भाजपा का कोई योगदान नहीं है और न ही इस तरह की गतिविधि से कुछ लेना-देना है।"उन्होंने कहा कि कोई भी किसी भी धर्म का पालन करने के लिए स्वतंत्र है लेकिन भाजपा दबाव डालकर या जबरदस्ती धर्मातरण का विरोध करती है।
राज्यसभा में प्रधानमंत्री के व्यक्तव्य की मांग को लेकर विपक्ष के अड़ने को गलत बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री संसद में उठे सभी प्रश्नों का जवाब नहीं दे सकते। हुसैन ने कहा कि मंत्रिपरिषद में और भी मंत्री मौजूद हैं। विपक्षियों की मांग से तो ऐसा लगता है कि सभी मंत्रियों की छुट्टी कर दी जाए। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जनता दल (युनाइटेड) के गठबंधन के विषय में कहा कि इस गठबंधन का पहला टेस्ट झारखंड चुनाव में ही होने वाला है। वहां दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। कालाधन के मुद्दे पर नीतीश कुमार के दिल्ली में धरने से जुड़े एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि अब उनके (नीतीश) के पास इसके सिवाय दूसरा कोई काम नहीं रह गया है। उन्हें कालेधन के विषय में सही जानकारी प्राप्त करनी चाहिए।