5 Dariya News

राजेश खन्ना पर किताब 'कुछ तो लोग कहेंगे' का अनावरण

5 दरिया न्यूज

नई दिल्ली 19-Dec-2014

दिल्ली के इंडिया हैबिटैट सेंटर में शुक्रवार को बालीवुड के दिवंगत अभिनेता राजेश खन्ना की किताब 'कुछ तो लोग कहेंगे' का अनावरण सलमान खुर्शीद ने किया। राजेश खन्ना जिनके लिए 'सुपरस्टार' शब्द गढ़ा गया। वे पहले सुपरस्टार थे, जो उस दौर में फिल्म इंडस्ट्री के भगवान थे। खून से लिखे खत, चुंबनों से ढंकी गाड़ी और उस गाड़ी की धूल से मांग भरती देश भर की लड़कियां। ये सब अफसाने हैं लेकिन हर अफसाना एक-दूसरे से ज्यादा सच्चा। राजेश खन्ना की जब भी चर्चा होती है तो कहा जाता है कि उनका स्टारडम सिर्फ तीन साल (1969-1972) तक रहा। लेकिन ये बात पूरी तरह गलत है। साथ ही, यह कहना भी पूरी तरह सही नहीं होगा कि उनके पतन की वजह उनकी करिश्माई कामयाबी ही थी।

राजेश खन्ना के बारे में ऐसे सभी पूर्वाग्रहों से अलग, इस किताब 'राजेश खन्ना- कुछ तो लोग कहेंगे' में लेखक यासिर उस्मान गहन शोध और राजेश खन्ना के करीबी लोगों के साक्षात्कार के जरिए एक नई कहानी सामने लाते हैं। कहानी, जो जुड़ी है राजेश खन्ना की निजी जि़दगी के कुछ अनसुने अध्यायों से। ये किताब कहने को तो एक बायोग्राफी है जो पूरी तरह तथ्यात्मक है, लेकिन कहानी कहने का अंदाज नया है। इस किताब के लिए शोध और लेखन में लेखक यासिर उस्मान को एक साल से ज्यादा का समय लगा। 

राजेश खन्ना के कई निर्माता-निर्देशकों, को-स्टार्स और करीबी लोगों से बात करके वह राजेश खन्ना की जि़दगी के कई पहलुओं को सामने लाए हैं। टेलीविजन पत्रकार और लेखक यासिर उस्मान ने यह किताब हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में लिखी है और इसे पेंगुइन बुक्स इंडिया ने प्रकाशित किया है। 296 पन्नों की इस किताब का मूल्य 250.00 रुपये है और इसमें राजेश खन्ना के जीवन से जुड़े कई रोचक चित्र प्रकाशित किए गए हैं। किताब का ई-बुक वर्जन भी जल्दी ही उपलब्ध होगा।