5 Dariya News

टेबल टेनिस खोलने की मांग, दुष्यंत ने केंद्रीय मंत्री को सौंपा ज्ञापन

5 दरिया न्यूज

नई दिल्ली 19-Dec-2014

टेबल टेनिस में प्रदेश के खिलाडिय़ों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकाने के लिए हरियाणा में टेबल टेनिस की एकेडमी खुलवाने की मांग को लेकर हिसार के सांसद व भारतीय टेबल टेनिस के सीनियर वाईस प्रेसीडेट दुष्यंत चौटाला ने केंद्रीय खेलमंत्री सरबंदा सोनोवाल से नई दिल्ली में उनके कार्यालय में मुलाकात की और एक मांग पत्र सौंपा। सांसद दुष्यंत चौटाला ने केंद्रीय खेल मंत्री से टेबल टेनिस खेल को बढ़ावा देने के लिए देश के चार कोनों में एक-एक टेबल टेनिस एकेडमी खोलने की मांग की। उन्होंने मांग की कि  केंद्र सरकार इस दिशा में पहल करते हुए पायलट एकेडमी के तौर पर हरियाणा में पहली एकेडमी खोले। भारतीय टेबल टेनिस के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट दुष्यंत चौटाला ने इस बारे में केंद्रीय खेल को एक मांग-पत्र सौंपा और खेलों को बढ़ावा देने के लिए उनसे विस्तार से बातचीत की। सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि खेलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम चमकाने के लिए बड़े स्तर पर गंभीर प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि टेबल टेनिस को बढ़ावा देने के लिए वर्तमान में केवल तीन एकेडमी आगरा, इंदौर व कलकत्ता में हैं। टेबल टेनिस में वर्चस्व रखने वाले चीन, ताइवान, जापान जैसे देशों का मुकाबला करने के लिए देश में और गंभीर प्रयास करने चाहिए। 

युवा सांसद ने कहा कि हरियाणाा के खिलाडिय़ों ने ओलम्पिक, राष्ट्रमंडल, ऐशियाई खेलों की एथलेटिक्स, बाक्सिंग, शूटिंग, कुश्ती, कब्बडी, भारत्तोलन, योग व ताइक्वाडो प्रतिस्पर्धाओं में देश के लिए न केवल सर्वाधिक मेडल जीते हैं बल्कि देश के लिए हरियाणा ने आगे बढ़ कर प्रतिनिधित्व भी किया है। सांसद ने कहा कि 2020 ओलम्पिक खेलों में भारत अधिक से अधिक मेडल जीते, इसके लिए केंद्र सरकार को अभी से खिलाडिय़ों की तैयारियां, आधारभूत ढांचे और उनकी दी जाने वाली सुविधाओं बारे गंभीरता दिखानी चाहिए। टेबल टेनिस के खिलाडिय़ों के लिए देश के चारों हिस्सों में अलग-अलग खेल एकेडमी की अभी से खोलनी चाहिए। सांसद दुष्यंत चौटाला ने केंद्रीय खेल मंत्री से मांग की कि टेबल टेनिस में भी देश के लिए मेडल जीतने में हरियाणा की अहम भागीदारी के लिए प्रदेश में टेबल टेनिस की एक एकेडमी खोली जाए ताकि इस पहल से खेलों का सिरमौर रहा हरियाणा देश के लिए और मेडल जीत कर आए।