नरेंद्र मोदी ने विजय दिवस पर सशस्त्र बलों की वीरता को याद किया
5 दरिया न्यूज
नई दिल्ली 16-Dec-2014
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 43वें विजय दिवस के मौके पर भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता तथा बलिदान का स्मरण करते हुए मंगलवार को कहा कि राष्ट्र को उनपर बेहद गर्व है। उन्होंने कहा, "विजय दिवस पर हम उन सशस्त्र बलों के वीरों की वीरता और बलिदान को याद करते हैं, जिन्होंने 1971 की लड़ाई के दौरान दुश्मनों के दांत खट्टे किए।"विजय दिवस भारतीय सशस्त्र बलों तथा मुक्ति बाहिनी के विजय को स्मरण करता है, जिसके परिणामस्वरूप बांग्लादेश आजाद हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मंगलवार को लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) जे.एफ.आर.जैकब ने अपनी पुस्तक 'एन ओडिसी इन वार एंड पीस : एन ऑटोबायोग्राफी लेफ्टिनेंट जनरल जे.एफ.आर.जैकब' तथा 'सरेंडर एट डेक्का' सौंपी।
बैठक की तस्वीरें पोस्ट करते हुए मोदी ने ट्वीट किया, "इस ऐतिहासिक दिन पर मैं लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) जे.एफ.आर.जैकब से मिलकर बेहद प्रसन्न हूं, जिन्होंने सेना को अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दी हैं।" उन्होंने कहा, "मुझे यह पुस्तक भेंट करने के लिए मैं लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) जे.एफ.आर.जैकब का शुक्रगुजार हूं।"इस मौके पर तीनों सेनाओं के प्रमुख भी उपस्थित थे।