5 Dariya News

मुख्यमंत्री ने जे.एन.एन.यू.आर.एम. के अन्तर्गत प्रस्तावों की समीक्षा की

5 दरिया न्यूज

शिमला 30-Jul-2013

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने नगर निगम शिमला क्षेत्र के लिए जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीकरण मिशन (जेएनएनयूआरएम) के अन्तर्गत विभिन्न विकास परियोजनाओं के कार्यान्वयन के लिए प्रस्तुत प्रस्तावों के स्तर की समीक्षा की। मुख्यमंत्री आज यहां जेएनएनयूआरएम के अन्तर्गत राज्य स्तरीय संचालन समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।वीरभद्र सिंह ने कहा कि 50 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से सरकूलर मार्ग पर पर्यटन सूचना केन्द्र के नजदीक पुराने बैरियर से विक्ट्री टनल होते हुए बैमलोई तक सड़क सुधार, चौड़ा करने एवं पक्का करने का प्रस्ताव जेएनएनयूआरएम के अन्तर्गत भारत सरकार को वित्त पोषण के लिए प्रेषित किया जाना चाहिए। 

मुख्यमंत्री ने बैठक में जल निकासी प्रणाली में सुधार तथा शिमला शहर में सड़कों के सुधार के लिए 68.74 करोड़ रुपये की लागत के प्रस्तावों की भी समीक्षा की। 

श्री वीरभद्र सिंह ने लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरिंग-इन-चीफ को जेएनएनयूआरएम की आवश्यकता अनुरूप अनुमानों को तैयार करने के निर्देश दिए ताकि 15 दिनों के अन्दर इन्हें भारत सरकार को प्रस्तुत किया जा सके। उन्होंने अन्य शहरी स्थानीय निकायों के लिए तैयार प्रस्तावों, जिनमें 269 करोड़ रुपये की लागत से नौ जलापूर्ति योजनाएं एवं 112 करोड़ रुपये की लागत की मल निकासी योजनाएं शामिल हैं, के स्तर की भी समीक्षा की। उन्होंने शहरी विकास विभाग को निर्देश दिए कि विस्तृत परियोजना रिपोर्टों को भारत सरकार को शीघ्र प्रस्तुत करना सुनिश्चित बनाएं। शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री श्री सुधीर शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री वी.सी. फारका, सचिव शहरी विकास एवं नगर नियोजन श्री के.संजय मूर्थी, लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरिंग-इन-चीफ भी बैठक में उपस्थित थे।