नरेंद्र मोदी ने 2001 आतंकवादी हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि दी
5 दरिया न्यूज
नई दिल्ली 13-Dec-2014
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 2001 संसद हमले में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन और अन्य सांसदों के साथ 13 दिसंबर 2001 को आतंकवादियों द्वारा संसद में किए गए हमले में मारे गए जवानों को श्रद्धांजलि दी। आतंकवादी हमले में 14 लोग मारे गए थे, जिनमें दिल्ली पुलिस के छह जवान और पांच आतंकवादी भी शामिल थे। मोदी, महाजन, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर लिखा, "हम उन शहीदों को सलाम करते हैं, जिन्होंने 2001 में आज ही के दिन लोकतंत्र के मंदिर की रक्षा में प्राण न्यौछावर कर दिए। देश के लिए उनका बलिदान हमें हमेशा याद रहेगा।"