5 Dariya News

पुलिस सतर्क होती तो चोरी नहीं होते भगवान रघुनाथ

पुलिस पेट्रोलिंग पर जनता ने उठाए सवाल

5 दरिया न्यूज (धर्मचंद यादव)

कुल्लू 10-Dec-2014

जिला मुख्यालय पर घनी आबादी के बीच स्थित भगवान रघुनाथ के मंदिर से भगवान रघुनाथ की मुर्ति चोरी होने से कुल्लू पुलिस के सुरक्षा के दावे जनता के दरबार में खोखले साबित हो गये हैं। भगवान रघुनाथ की मुर्ति चोरी के बाद रघुनाथपुर में जितनी  भी जनता आ रही है वह पुलिस पेट्रोलिंग वाहन को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। यहां तक कि कुछ लोगों ने यह भी कह डाला कि यह पेट्रोलिंग वाहन  जनता की सुरक्षा में कम और बेमतलब घुमने फिरने में ज्यादा व्यस्त रहता है।  कुल्लू में भगवान रघुनाथ के मंदिर में दूसरी बार हुई चोरी की घटना से पूरे कुल्लू पर दुख का पहाड़ टूट गया है। जहां पूरा राजपरिवार गमगीन सा हो गया है वहीं घाटी के लोगों की नम आंखों से आंसू भी थमने का नाम ही नहीं ले रहे है। वहीं इस चोरी की घटना का ठिकरा कुल्लू की जनता ने पुलिस प्रशासन पर फोड़ दिया है। जनता ने रात को गश्त करने वाले पुलिस वाहन पर सवाल उठाने शुरू कर दिये हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस का पेट्रोलिंग वाहन रात को सिर्फ थोड़ी देर ही शहर से गुजरने वाली मुख्य सड़क से होकर गश्त करता है और शहर की गलियों में पुलिस के जवानों का नामोनिशान नहीं होता है। हैरानी की बात तो यह है कि जिला मुख्यालय स्थित रघुनाथपुर तक सड़क जाती है लेकिन पुलिस का पैट्रोलिंग वाहन कभी भी यहां गश्त करता हुआ दिखाई नहीं दिया है। लोगों ने अब इस चोरी की घटना के बाद सवाल उठाने शुरू कर दिये हैं कि यदि घटना वाले दिन पैट्रोलिंग करने वाला वाहन गश्त पर होता तो शायद चोर पुलिस की धरपकड़ में आते। यहां पर भगवान नारसिंह के कारदार मदन लाल सहित कई लोगों ने कहा कि उन्होंने कभी भी पैट्रोलिंग वाहन को सुल्तानपुर व रघुनाथपुर में नहीं देखा। लिहाजा, पिछली चोरी के बाद भी पुलिस कड़ी सुरक्षा करने में नाकाम साबित हुई है। 

ऐसे में अब जनता ने पैट्रोलिंग वाहन पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि शीतला माता मंदिर के पास पुलिस का पैट्रोलिंग वाहन रात के अंधेरे में खड़ा होता है। जनता का कहना है कि यदि शहर में रातभर सही तरीके से पैट्रोलिंग होती तो उसी दिन चोर पुलिस के हथे चढ़ जाते।लोगों का कहना है कि यदि आगे भी शहर में चोरी की घटनाएं हुई तो इसके जिम्मेवार पैट्रोलिंग वाहन में तैनात कर्मचारी होंगें। लोगों ने पुलिस अधीक्षक कुल्लू से मांग की है कि पैट्रोलिंग वाहन के कर्मचारियों पर पूरी तरह से नकेल कसी जाए ताकि शहर में चोरी की घटनाओं पर विराम लगे। बहरहाल, इस चोरी के पीछे अब जनता का पूरा निशाना पेट्रोलिंग वाहन पर ही है। इस विषय में जब पुलिस के बड़े अधिकारियों से बात करनी चाही तो सबका कहना यही था कि विधानसभा लगे होने के कारण वे कुछ भी प्रतिक्रिया नहीं दे पाएंगे। एडीजीपी संजय कुंड्डू ने कहा कि वे इस समय कुछ भी प्रतिक्रिया देने की हालत में नहीं हैं। छानबीन सही तरीके से हो रही है और शीघ्र ही मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।