5 Dariya News

छठे कबड्डी विश्व कप का उद्घाटन समारोह रूपनगर में : सुखबीर सिंह बादल

5 दरिया न्यूज

रूपनगर/चण्डीगढ़ 09-Dec-2014

अगले साल होने वाले छठे कबड्डी विश्व कप का उद्घाटन समारोह रूपनगर के नेहरू स्टेडियम में होगा। पांचवे कबड्डी विश्व कप के मैचों को देखने यहां पहुंचे पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने मंगलवार को यह घोषणा की। साथ ही बादल ने पंजाब पहुंची सभी 14 देशों की 19 टीमों को टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं भी दी। बादल ने कहा, "रूपनगर के लोगों ने कबड्डी मैचों के दौरान भारी संख्या में अपना समर्थन जताकर यहां आए खिलाड़ियों का दिल जीत लिया है और अब पंजाब सरकार उनकी खेल भावनाओं का सम्मान करते हुए अगले वर्ष छठे कबड्डी विश्व कप का आयोजन यहां करेगी।"बादल ने कहा कि पंजाब सरकार कबड्डी, हॉकी सहित प्रत्येक खेल को ऊपर उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। 

इसी के तहत मोहाली में विश्व स्तर का अति आधुनिक सुविधाओं वाला पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्टस बनाया गया है जिसमें 11 विभिन्न खेलों के विभाग होंगे और प्रत्येक खेल से जुड़ा प्रसिद्ध खिलाड़ी संबंधित खेल विभाग का निदेशक होगा जो खेल मंत्रालय के साथ कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक खेल का निदेशक गांव, शहरों में छोटी आयु के खिलाड़ियों को चुन कर अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों के लिए तैयार करेंगे और इन खिलाड़ियों के रहन-सहन, खानपान, कोचिंग आदि का सारा खर्च पंजाब सरकार द्वारा उठाया जाएगा।बादल ने यह भी घोषणा की कि 16 दिसम्बर को आगामी कैबिनेट बैठक में ओलंपिक, राष्ट्रमंडल व एशियाई खेलों में जीत हासिल करने वाले सभी खिलाड़ियों को नौकरी देने का प्रस्ताव पास किया जाएगा। साथ ही बादल ने पाकिस्तान व मेक्सिको की महिला टीमों के बीच हुए मैच का आनंद भी लिया।