5 Dariya News

जसवंत सिंह 4 महीने बाद भी कोमा में

5 दरिया न्यूज

नई दिल्ली 09-Dec-2014

पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता जसवंत सिंह पिछले चार महीने के बाद भी कोमा में हैं और डाक्टरों का कहना है कि उनकी हालत में कोई सुधार नहीं दिख रहा है। सिंह को चार महीने पहले सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एवं रेफरल) के एक वरिष्ठ चिकित्सक ने यहां आईएएनएस को बताया, "उनकी (जसवंत सिंह) हालत अब भी पहले जैसी ही है। वह लगातार कोमा में हैं। डाक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर हर रोज बराबर नजर रखे हुए है और इलाज भी नियमित रूप से चल रहा है।"डॉक्टर ने बताया, "सिंह की निगरानी कर रहे दल में न्यूरोसर्जन और गहन चिकित्सा विशेषज्ञ शामिल हैं। उनकी हालत में सुधार लाने के लिए हर प्रयास किए जा रहे हैं।"डॉक्टरों का कहना है कि जसवंत सिंह को टोटल पेरेंटरल न्यूट्रिशन (टीपीएन) दिया जा रहा है, जो मरीज के शरीर में आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति के लिए तब दिया जाता है, जब मरीज कुछ भी खाने-पीने में सक्षम नहीं होता है।

सिंह (76) चार महीने पहले अपने घर पर अचेत अवस्था में जमीन पर गिरे मिले थे, जिसके बाद आठ अगस्त को उनके परिवार ने गंभीर अवस्था में उनको अस्पताल में भर्ती कराया था।उल्लेखनीय है कि अतीत में दुनिया भर में कई नेता कोमा में जा चुके हैं। इजरायल के पूर्व प्रधानमंत्री एरियल शेरॉन 2014 में मौत से पहले लगातार आठ वर्षो तक कोमा में रहे थे। कुछ भारतीय नेताओं में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रियरंजन दास मुंशी 2008 में ह्दयाघात के बाद कोमा में चले गए थे। पूर्व राष्ट्रपति के.आर.नारायणन तथा प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू भी मृत्यु से पहले कुछ दिनों तक कोमा में रहे थे। दो दिनों तक कोमा में रहने के बाद कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री वीरेंद्र पाटिल का निधन हो गया था।