45 लाख औषधीय पौधों पर व्यय होंगे 10 करोड़ : बुटेल
बुटेल ने सादगी से मनाया 73वां जन्मदिन
5 दरिया न्यूज(वी के उपमन्यु)
धर्मशाला 25-Jul-2013
वन विभाग के लिए चालू वित्त वर्ष में 422 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है, ताकि प्रदेश की अमूल्य वन संपदा के संरक्षण के साथ-साथ विस्तार हो सके।यह जानकारी विधान सभा अध्यक्ष, श्री बृज बिहारी लाल बुटेल ने आज पालमपुर में 64वें मण्डल स्तरीय वन महोत्सव का शुभारम्भ करने के अवसर पर दी। उन्होंने ने इस अवसर पर देवदार का पौधा रोपित किया।विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2013-14 में 5000 हैक्टेयर वन भूमि को लैंटाना मुक्त करने का लक्ष्य रखा है, और लैंटाना मुक्त भूमि की उत्पादकता बढ़ाने हेतु इस पर ईंधन व चारे की प्रजातियों का पौधारोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष में प्रदेश में 45 लाख औषधीय पौधे रोपित करने के लिए 10 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
श्री बुटेल ने कहा कि पालमपुर के आस-पास क्षेत्र में लगभग 5 हजार देवदार के पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि पालमपुर वन मण्डल में 171 हैक्टियर भूमि पर 1 लाख 62 हजार 200 पौधे रोपित किए जा रहे हैं, जिसमें 49000 औषधीय पौधे होंगे। उन्होंने बताया कि पौधारोपण पर लगभग 54 लाख रूपये व्यय किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया इसके अतिरिक्त 43 हैक्टियर भूमि को लैंटाना मुक्त करने का भी लक्ष्य रखा गया है।विधान सभा अध्यक्ष, श्री बृज बिहारी लाल बुटेल ने आज अपना 73वां जन्मदिन सादगी से मनाया। श्री बुटेल को बधाई देनें वालों का दिनभर तांता लगा रहा। श्री बुटेल ने कहा कि किन्नौर तथा उत्तराखंड त्रासदी से वह आहत हैं तथा भगवान से प्रार्थना करते है कि जो लोग इस त्रासदी में मारे गए हैं उनकी आत्मा को शांति मिले तथा लापता लोग शीघ्र अपने घरों में पंहुचें। इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष ने उनके समर्थको द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में शिरकत करने के साथ कुष्ठ रोगियों को कंबल तथा सिविल अस्पताल पालमपुर में मरीज़ों को फल भी वितरित किए। विधान सभा अध्यक्ष के जन्मदिन के अवसर पर उनके समर्थको ने 2 लाख 51 हजार रूपये का ड्राफ्ट मुख्यमंत्री राहतकोष में देने के लिए उन्हें दिया। इस अवसर पर नगर परिषद के अध्यक्ष बलवंत ठाकुर, उपाध्यक्ष यश महाजन, ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्ष करूण शर्मा, कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशीष बुटेल, उपाध्यक्ष डा0 मदन, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर, संतोष कुमार, विधान सभा सचिव, सुंदर सिंह वर्मा, डीएफओ केके गुप्ता सहित पालमपुर के गणमान्य लोग तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।