5 Dariya News

भारतीय जनता पार्टी परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति के खिलाफ है : राम बिलास शर्मा

5 दरिया न्यूज

जम्मू 29-Nov-2014

हरियाणा के शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा ने जम्मू एवं कश्मीर में होने वाले विधानसभा आम चुनाव, 2014 के लिए आज जम्मू ईस्ट निर्वाचन क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राजेन्द्र गुप्ता का हजारों समर्थकों की भीड़ की मौजूदगी में नामांकन पत्र भरवाया। नामांकन पत्र भरने के साथ ही भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी माहौल बन गया।इस अवसर पर राम बिलास शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राजेन्द्र गुप्ता के पक्ष में भी प्रचार किया। उन्होंने उपस्थित लोगों से भाजपा प्रत्याशी राजेन्द्र गुप्ता को वोट देने की अपील करते हुए भारतीय जनता पार्टी की नीतियों पर मोहर लगाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति के खिलाफ है और भाजपा के इसी नारे के मद्देनजर लोकसभा चुनाव लोगों ने पार्टी को स्पष्ट जनादेश दिया है। 

भारतीय जनता पार्टी सबका साथ-सबका विकास में विश्वास रखती है और देश के कोने-कोने में इसको लागू करना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह सोच है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का भी विकास हो।शिक्षा मंत्री ने कहा है कि यह भाजपा की जनहितैषी सोच का ही परिणाम है कि उन्हें अभी हाल ही में हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव में भी लोगों ने स्पष्ट जनादेश दिया और पार्टी को हरियाणा में लोगों की सेवा करने का मौका मिला है। उन्होंने लोगों से अपील की कि परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति को जड़ से खत्म करने के लिए जम्मू एवं कश्मीर में भाजपा के पक्ष में मतदान करें ताकि भाजपा की जनहितैषी नीतियों को यहां पर भी लागू किया जा सके।